राखी पुरोहित. जोधपुर
भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा द्वारा बस्तवा के गौरव सेनानियों के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बस्तवा में सघन पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 500 पौधों का रोपण किया गया। विशेष बात यह रही कि गत वर्ष इसी विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों में से लगभग 90 प्रतिशत पौधे सुरक्षित एवं विकसित हो चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यालय एवं ग्रामीणों की जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर आयोजित पर्यावरण गोष्ठी में कर्नल बलदेव सिंह चौधरी (मानस) ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व एवं वृक्षों के जीवन में योगदान पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए तथा सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गौरव सेनानियों कर्नल बलदेव सिंह चौधरी (मानस), कैप्टन भीखसिंह जी, कैप्टन उम्मेदसिंह जी, कैप्टन सांगसिंह जी एवं सूबेदार डूंगरसिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा की ओर से अध्यक्ष सुरेशचंद्र भूतड़ा, सचिव राजेंद्र कुमार मंत्री, पर्यावरण संयोजक सीए नीरज मूंदड़ा, राजेश शर्मा, रमेश मेहता एवं हरि बलदेवा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों सहित आसपास के ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही तथा लगभग 500 लोग उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का वचन दिया।
भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा सेवा, संस्कार एवं समर्पण की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण के ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी


