Explore

Search

Tuesday, August 18, 2026, 4:26 pm

Tuesday, August 18, 2026, 4:26 pm

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

केवल सकारात्मक खबर : धार्मिक आस्था से जनसरोकार तक;  दो दिवसीय जोधपुर प्रवास में विविध कार्यक्रमों में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत

-सावन के सोमवार पर श्री रामेश्वरम् सिद्ध पीठ धाम में किया जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक
-खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन, लूणी में ऊंट की सवारी कर ग्रामीणों से हुए रूबरू
-निज निवास पर आमजन से किया संवाद

सुनील वर्मा. जोधपुर

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने दो दिवसीय जोधपुर प्रवास के दौरान धार्मिक, सामाजिक, खेल एवं जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की, खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीणों एवं आमजन से आत्मीय संवाद किया।

सावन के पावन तीसरे सोमवार के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जोधपुर के चांदपोल स्थित श्री रामेश्वरम् सिद्ध पीठ धाम पहुंचकर भगवान महादेव के दर्शन-पूजन किए। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की।

श्री रामेश्वरम् सिद्ध पीठ धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में भगवान रामेश्वर के शिवलिंग के साथ शिव परिवार, नवग्रह, मां भगवती, भैरवनाथ, हनुमानजी एवं गणेशजी की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं।

जोधपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत ने खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। देर रात वे किशन सिंह राजपुरोहित शूटिंग वॉलीबाल प्रतियोगिता में पहुंचे और खिलाड़ियों से मुलाकात की। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह एवं खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अपने गृह नगर जोधपुर प्रवास के दौरान शेखावत ने लूणी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी सहभागिता की। एक निजी कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल एवं जीव-जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई के साथ उन्होंने ‘रेगिस्तान के जहाज’ ऊंट की सवारी की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनसे संवाद किया। दो दिवसीय प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत ने अपने गृह नगर स्थित निज निवास पर आमजन से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना तथा उनके यथासंभव निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor