अब जरूरतमंद भी मना सकेंगे ईद का जश्न…आप भी करें ऐसी मदद जो खुदा के दर पर हो स्वीकार
गजेंद्र सिंह राजपुरोहित. जोधपुर ग्रामीण
रमजान के महीने में पाक साधना जारी है। कुछ दिनों में ईद का जश्न मनेगा। कुछ ऐसे भी लोग हैं जिन्हें ईद के लिए परेशानी हो सकती है, लेकिन गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन ने रोजेदार की मदद का निर्णय लिया और इसमें किसी प्रकार का कोई दिखावा नहीं किया। फाउंडेशन ने रमजान के महीने में 111 जरूरतमंद परिवारों को राशन के किट बांटे और इस पुनीत कार्य के लिए ना तो सामग्री बांटते का फोटो खिंचवाया और न ही जरूरतमंदों को मदद का अहसास करवाया।
दावत-ए-इस्लामी इंडिया के वेलफेयर डिवीजन गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (जीएनआरएफ) ने इस रमजान एक अनूठी मिसाल पेश की। हर साल की तरह इस बार भी संस्था ने अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित किए। संस्था का उद्देश्य केवल सेवा करना है न कि दिखावा। इसी भावना के साथ यह नेक कार्य पूरी गोपनीयता और इज्जत के साथ किया गया, जिससे सैकड़ों गरीब और बेसहारा परिवारों को लाभ मिला। संस्था ने संकल्प लिया है कि आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके।
नेकी की परिभाषा यही- बिना सम्मान और बिना अहसास कराए मदद की जाए…
रमजान के पाक महीने में मदद का फल तभी मिलता है जब नेकी बिना मदद का अहसास की जाए। बिना सम्मान की कामना से की गई मदद ही फलीभूत होती है। संस्था की ओर से मदद करने का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को रमजान के दौरान खाद्य सुरक्षा प्रदान करना था, ताकि वे इबादत और रोज़े को बिना किसी चिंता के पूरा कर सकें। यह सतत विकास की दिशा में उठाया कदम है।
राशन पैकेट में चावल, आटा, दालें, चीनी, चाय, खजूर, मसाले व जरूरी खाद्य सामग्री शामिल
इस वितरण कार्यक्रम के तहत सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को राशन किट दी गईं। प्रत्येक राशन पैक में चावल, आटा, दालें, चीनी, चाय, खजूर, मसाले और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल थी, जो एक परिवार के लिए एक महीने के लिए पर्याप्त थी। रमजान के दौरान गरीब परिवारों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। सामाजिक एकता और भाईचारा की मिसाल भी पेश की गई। दान और सेवा की भावना को बढ़ावा मिला। मानवता की सेवा कर गरीब और बेसहारा लोगों की मदद कर उनके जीवन को आसान बनाया गया। समाज में सेवा और परोपकार की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
दानदाताओं और स्वयंसेवकों का जताया आभार
गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन ने उन सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का दिल से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। सैकड़ों परिवारों ने रमजान की बरकतों का लाभ उठाया। राशन किट मौलाना अब्दुल जब्बार सिंधी, सुल्तान छीपा, मोहम्मद आरिफ रंगरेज की देखरेख में शहर के सिलावटों का बास, अम्बेडकर कॉलोनी, सिन्धियों का बास, व्यापारियों का बास, मदीना कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में वितरित किये गये।









