Explore

Search

Sunday, April 19, 2026, 5:43 am

Sunday, April 19, 2026, 5:43 am

LATEST NEWS
Lifestyle

अहमदाबाद में क्रैश एअर इंडिया प्लेन में 61 विदेशी यात्री:इनमें 53 ब्रिटिश, PM स्टार्मर बोले- हादसे के विजुअल बहुत भयानक

शिव वर्मा. अहमदाबाद

अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इस प्लेन में 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत 242 पैसेंजर सवार थे। हादसे की जगह से अब तक 100 शव मिलने की खबर है।

एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह प्लेन क्रैश हो गया। ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने इस हादसे पर दुख जताया है।

ब्रिटिश पीएम बोले- हादसे के दृश्य बहुत भयानक

कीर स्टार्मर ने संसद में कहा- “कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन जा रहे प्लेन के अहमदाबाद में क्रैश होने के कई विजुअल बहुत भयानक हैं। मुझे हर अपडेट के बारे में जानकारी दी जा रही है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ है।
वहीं, ब्रिटिश सांसद लूसी पॉवेल ने कहा कि ब्रिटिश सरकार एअर इंडिया विमान में सवार लोगों को ‘हर संभव मदद’ मुहैया कराएगी। संसद में बोलते हुए पॉवेल ने कहा कि कई परिवार हैं, जो अपने लोगों के आने का इंतजार कर रहे हैं। यह बहुत चिंता की बात है। हम उन सभी परिवारों के लिए अपनी गहरी संवेदना जताते हैं।

ब्रिटेन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया

ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह भारत में लोकल अधिकारियों के साथ मिलकर हादसे के हर पहलू को पता करने और इसमें शामिल लोगों को मदद देने की कोशिश कर रहा है। अगर किसी ब्रिटिश नागरिक को कॉन्सुलेट से मदद चाहिए या उन्हें अपने दोस्तों या परिवार की चिंता है, तो वे 020 7008 5000 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
वहीं, पुर्तगाल के समुदाय मामलों के राज्य सचिव एमिडियो सूसा ने कहा कि प्लेन क्रैश में दोहरी राष्ट्रीयता वाले 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। पुर्तगाली अधिकारी उन सभी लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

पायलट के पास 8200 घंटे का एक्सपीरियंस था

फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान का आखिरी सिग्नल 190 मीटर (625 फीट) की ऊंचाई पर मिला, जो उड़ान भरने के तुरंत बाद था। भारत के सिविल एविएशन रेगुलेटर DGCA ने बताया कि विमान ने दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को मेडे कॉल (इमरजेंसी मैसेज) भेजा, लेकिन इसके बाद कोई जवाब नहीं मिला।
DGCA के अनुसार, विमान में दो पायलट और 10 केबिन क्रू सहित कुल 242 लोग सवार थे। पायलट के पास 8,200 घंटे और को-पायलट के पास 1,100 घंटे का उड़ान अनुभव था।

विमान जिस बिल्डिंग पर गिरा, उसमें 50-60 डॉक्टर थे

एयर इंडिया का विमान जिस बिल्डिंग से टकराया, वह इंटर्न डॉक्टर्स का हॉस्टल था। जानकारी के मुताबिक यहां 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर्स थे। सभी के मारे जाने की आशंका है। इससे सटे ब्लॉक में रेजिडेंट डॉक्टर्स रहते थे।

पीएम मोदी और अमित शाह दिल्ली से अहमदाबाद रवाना हो गए हैं।
उड्ड्यन मंत्री राम मोहन नायडू भी उनके साथ हैं।

विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यह नंबर 1800-5691-444 है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया
अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है। प्लेन में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor