Explore

Search

Saturday, April 11, 2026, 11:25 pm

Saturday, April 11, 2026, 11:25 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

बरखा के बिछौने पर योग के आसन…मेहरानगढ़, मंडोर, अशोक उद्यान से लेकर सर्वत्र सेहत का शिखर पाने की होड़, जवानों-संतों ने भी खुद को साधना में तपाया

एक अनुमान के अनुसार जोधपुर शहर में 5 लाख बच्चों-युवाओं-महिलाओं और वृद्ध ने योग किया, इसमें हर पेशे और बिजनेस से जुड़े लोगों के अलावा प्रशासनिक कर्मचारी, न्यायायिक कर्मचारी, बीएसएफ के जवान-अधिकारी और संतों के साथ आम पब्लिक भी शामिल रही…
योग हमारे ऋषि-मुनियों की प्राचीन साधना और सेहत का खजाना है…प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग दिवस की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत करवाकर हमारे लिए और पूरी दुनिया के लिए नजीर पेश की है…इसी का परिणाम है कि आज 180 देशों ने योग किया

डीके पुरोहित. शिव वर्मा. राखी पुरोहित. जोधपुर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस…21 जून। सुबह बारिश ने किया स्वागत। बारिश के बिछौने पर ही शहरवासियों ने योग के आसन लगा दिए। योग के लिए मेहरानगढ़, अशोक उद्यान, मंडोर उद्यान का चयन किया गया था। संतों ने अपने-अपने आश्रमों में योग किया। बीएसएफ के जवानों ने भी अपने को साधना में तपाया। योग की लहर हर गली-मोहल्लों से लेकर स्कूलों, कॉलेजों और विवि से लेकर अस्पतालों और एनजीओ में देखी गई।

एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य थीम पर सर्वत्र योग 

एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य थीम पर सर्वत्र योग किया गया। योग के लिए प्रशासनिक तैयारियां कलेक्टर गौरव अग्रवाल के नेतृत्व में की गई। सुबह जब बारिश का आगमन हुआ तो एकबारगी लगा कि योग कैसे करेंगे? लेकिन लोगों ने बारिश के बिछौने पर ही योग के आसन और प्राणायाम करने शुरू कर दिए। बिना कोई व्यवधान योग जारी रहा।

मेहरानगढ़ : किले में बना इतिहास…विरासत में योग हुआ साकार

जोधपुर ज़िले में शुक्रवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ऐतिहासिक मेहरानगढ़ दुर्ग की तलहटी में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इन्द्रदेव की कृपा से बरसती फुहारों के बीच भी 2300 से अधिक योग साधकों ने अनुशासित रूप से सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्वलन व महर्षि पतंजलि की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। योग अभ्यास से पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्र को संबोधित संदेश का प्रतिभागियों ने भावपूर्वक श्रवण किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में शहर विधायक अतुल भंसाली उपस्थित रहे। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.धीरज कुमार सिंह ने अतिथियों का औषधीय पौधों से अभिनंदन किया। कार्यक्रम का समुचित संचालन जिला नोडल अधिकारी डॉ. शरीफ़ खां की देखरेख में किया गया। योग सत्र का निर्देशन डॉ. गोपाल नारायण शर्मा व डॉ. रामलाल चौधरी ने किया। मुख्य योग प्रदर्शक के रूप में ममता पटेल, प्रियदर्शिनी कल्ला, उपेन्द्र व सुमन दाधीच ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

मण्डोर से सम्राट अशोक उद्यान तक जोधपुर में योग दिवस की व्यापक गूंज

जिला स्तरीय योग समारोह का दूसरा प्रमुख आयोजन मण्डोर उद्यान में सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग 1000 प्रतिभागियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कच्छवाहा एवं विशिष्ट अतिथि महापौर वनिता सेठ रहीं। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सीमा कच्छवाहा ने बताया कि डॉ. कृष्ण गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में राजपाल सिंह, मनीषा, प्रीति व मोहित ने योग प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में डॉ. महेन्द्र कच्छवाह एवं डॉ. स्नेहा मित्तल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छों से स्वागत किया।

सम्राट अशोक उद्यान में 2200 प्रतिभागियों के साथ योग

जोधपुर के सम्राट अशोक उद्यान में आयोजित तीसरे प्रमुख योग समारोह में 2200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि सूरसागर विधायक  देवेन्द्र जोशी ने दीप प्रज्वलन कर महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विशिष्ट अतिथि कृषि मंडी के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र मेघवाल एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जवाहर चौधरी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपा जोशी ने किया तथा योग प्रदर्शन में उम्मेद कंवर, प्रीति खोखर, गजेन्द्र सिंह व रजनी ने उत्कृष्ट सहभागिता निभाई। मोहिनी योग संस्थान की प्रशिक्षक मुक्ता माथुर के नेतृत्व में संस्था की टीम ने आयोजन की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

सहायक प्रशिक्षण केन्द्र सीमा सुरक्षा बल जोधपुर ने मनाया योग उत्सव 

सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर में शनिवार सुबह 06:30 से 07:45 बजे तक, सहायक प्रशिक्षण केन्द्र सीमा सुरक्षा बल, जोधपुर में 11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिसकी थीम ”एक पृथ्वी, एक स्वास्थय के लिए योग” (Yoga for one earth, one health ) मनाया गया। यह योग दिवस आयुष मंत्रालय द्वारा जारी प्रोटोकॉल के तहत किया गया।
इस अवसर पर कुल 1560 कार्मिक जिसमें सुधीर हुड्डा उप महानिरीक्षक, सीमांन्त मुख्यालय सीसुब राजस्थान, देवेन्द्र सिंह कमाण्डेंट (मुख्य अनुदेशक) सहायक प्रशिक्षण केन्द्र, सीसुब जोधपुर, अधिकारी गण, अधिनस्थ अधिकारी गण, अन्य कार्मिको व प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव-आरक्षकों के साथ-साथ संस्थान की प्रहरी संगनियों, बच्चों तथा जोधपुर के आम नागरिक ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया। सहायक प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर के योगा अनुदेशकों के साथ योग अलायंस सोसाइटी, जोधपुर के योगा शिक्षकों ने मिलकर योग अभ्यास कराया। योग अभ्यास के उपरांन्त योग अलायंस सोसाइटी के बच्चों द्वारा कलात्मक योग का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सुधीर हुड्डा उप महानिरीक्षक, सीमांन्त मुख्यालय सीसुब राजस्थान ने सभी को अर्न्तराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुये कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासो से योग को आज विश्व स्तर पर पहचान मिली और पूरे विश्व ने योग को अपने जीवन शैली में शामिल कर लिया है। सीमा प्रहरीयों के लिए भी योग बहुत महत्वपूर्ण है और हमारी दैनिक दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। निरन्तर योग करनें से हम अपने आप को मानसिक, शारीरिक व आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रख सकते है। स्वस्थ व्यक्ति नं सिर्फ अपने लिये बल्कि समाज के लिए भी अच्छा कार्य करके अपने देश को आगे ले जानें में मदद करता है। हमें स्वयं व समाज में योग करनें के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर द्वारा न्यायालय परिसर में हुआ आयोजन

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जोधपुर जिला द्वारा शुक्रवार को जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया।

इस अवसर पर आयोजित योग शिविर में विशिष्ट न्यायाधीश, पोक्सो न्यायालय जोधपुर जिला अनिल आर्य, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती नेहा शर्मा, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य सहित प्राधिकरण, न्यायालय व लीगल एड डिफेंस काउंसिल से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ को केंद्र में रखते हुए, आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित ‘सामान्य योग प्रोटोकॉल’ के अंतर्गत योगाभ्यास सत्र का संचालन किया गया। योग प्रशिक्षिका श्रीमती दीपिका द्वारा योग एवं प्राणायाम तथा श्रीमती वन्दना द्वारा ध्यान (मेडिटेशन) का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा, जिससे समाज में समग्र स्वास्थ्य और कल्याण की भावना का संचार हो।

प्रतापनगर मंडल में भी हुआ योग

आज प्रताप नगर मण्डल की टोली की ओर से योग दिवस से एक दिन पूर्व योग शिविर का आयोजन किया गया। आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में भाजपा प्रताप नगर मण्डल, विवेकानंद योग संस्थान द्वारा आयोजित योग, ध्यान शिविर में सहभागी होकर योग के गहन अनुभव से आत्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति हुई।

मंडल संयोजक महेश दाधीच ने बताया आज के शिविर में मुख्य अतिथि मंडी के पूर्व चेयरमैन महेंद्र मेघवाल की मौजूदगी में सभी योग किया। इस अवसर मेघवाल ने कहा कि योग भारत की अद्वितीय सांस्कृतिक धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को स्थिरता और आत्मा को चेतना प्रदान करता है। यह अनुशासन, संतुलन और आत्म-संवाद का अमूल्य माध्यम है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor