Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 7:51 am

Thursday, July 9, 2026, 7:51 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

पूर्व सीएम गहलोत ने जनहित परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की ली जानकारी

शिव वर्मा. जोधपुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरदारपुरा विधायक अशोक गहलोत ने जोधपुर दौरे के दौरान अपने कार्यकाल में प्रारंभ की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इन कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, संचालन व्यवस्था तथा जनसुविधा से जुड़ी उपलब्धताओं का आकलन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

गहलोत सबसे पहले कनीराम सालगराम टाक प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली और कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करना राज्य की प्राथमिकता रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक प्रशिक्षण अवसर मुहैया कराना सुनिश्चित किया जाए।

इसके पश्चात उन्होंने अमृतलाल गहलोत स्टेडियम का दौरा कर खेल अधोसंरचना का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम एक मील का पत्थर साबित होगा। गहलोत ने स्टेडियम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, टूर्नामेंट्स और कोचिंग योजनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुझाव दिए।

शिवराम नथुजी टाक चिकित्सालय में उन्होंने डायलिसिस यूनिट, डायग्नोस्टिक लैब, ओपीडी और अन्य चिकित्सा सेवाओं का निरीक्षण किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने मरीजों से बातचीत कर इलाज की उपलब्धता और गुणवत्ता पर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सालय गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरा है।

दौरे के दौरान गहलोत मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी भी पहुंचे, जहाँ निर्माणाधीन मेडिकल भवन, अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, डायग्नोस्टिक और डायलिसिस सुविधाओं सहित यूनिवर्सिटी परिसर की विस्तार योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कार्यदायी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और मापदंडों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यूनिवर्सिटी को प्रदेश की एक श्रेष्ठ मेडिकल शिक्षा संस्था के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहने चाहिए।

जनसेवा ही प्राथमिकता
गहलोत ने निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “मेरे कार्यकाल में हमने विकास को जनसेवा से जोड़ा। हमारी हर योजना का उद्देश्य आमजन को राहत देना, सुविधाएं बढ़ाना और सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा है। आज जब मैं इन कार्यों की प्रगति देखता हूं, तो संतोष होता है कि हमारा विजन धरातल पर आकार ले रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार को इन कार्यों को गति देनी चाहिए, ताकि जनता को समय रहते इनका लाभ मिल सके।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor