सोहनलाल वैष्णव. बोरुन्दा (जोधपुर)
सोवनिया में श्री रामेश्वर महादेव धुणा में संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठे दिन बुधवार को विविध आयोजन हुए। कथा का समापन गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के विशेष कार्यक्रम के साथ होगा।
भागवत ज्ञानयज्ञ सप्ताह के छठे दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित ललित दवे ने भगवान श्री कृष्ण के लीला चरित्रों में चीर-हरण की लीला, वेणु गीत, गोपी गीत युगल गीत, महारास में भगवान शिव का आगमन, प्रलम्बासुर का वध, अरिष्टासुर, केशी हयाकृति वध, अक्रूर जी द्वारा भगवान को लाना, रजक का उद्धार, कुब्जा पर कृपा, कुवलयापीड हाथी का वध, शल, तोशल, मुष्टिक, चाणूर वध, कंस का वध, भगवान का विद्याध्ययन के लिए जाना और गुरु दक्षिणा में मृत गुरु पुत्रों को लाना, उद्धव जी द्वारा गोपियों को श्री कृष्ण का संदेश, जरासंध के द्वारा 17 बार अक्षौहिणी सेना लेकर चढ़ाई करना, मुचकुन्द के द्वारा कालयवन का वध, ब्राह्मण द्वारा श्री कृष्ण को रूक्मिणी का संदेश, रूक्मणी हरण की कथा प्रसंगों का विभिन्न रसिक भजनों के साथ श्रवण करवाया गया। वहीं कथा में गुरुवार को भागवत कथा सप्ताह ज्ञानयज्ञ की पूर्णारती होगी। गुरुवार को 10.00 बजे से 2.00 बजे तक का रखा गया है जिसमें सुदामा चरित्र, राजा नृग का चरित्र, ठाकुर जी की लीला संवरण, भगवान का उद्धव जी भागवत उपदेश, वेद स्तुति, निमिश्वरो का संवाद, राजा परीक्षित का मोक्ष, जन्मेजय द्वारा सर्प यज्ञ, शुकदेव जी का वैकुंठ गमन, सूतजी द्वारा शौनककादि अठ्ठासी हजार ऋषियों को भागवत की महिमा का वर्णन किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व उपसरपंच चांदसिंह नरूका, शंकरसिंह, नारायण सिंह, पूर्व सरपंच भवानीसिंह नरुका, हुकमसिंह नरुका, सोहनलाल रिणवा, कानसिंह, नैनसिंह, भंवरसिंह, छोटूसिंह, बक्साराम खदाव व पप्पूराम भुडाणिया सहित कई महिलाएं उपस्थित रही। गुरु पूर्णिमा समारोह में महंत देवेंद्र गिरी महाराज महादेव धुणा जालेली, महंत प्रेम गिरि महाराज श्री रामेश्वर महादेव धुणा बिरांटिया खुर्द, डॉक्टर वीरेंद्र कृष्णा दुर्गावती अजमेर व आचार्य रमेश चंद्र बोहरा उपस्थित रहेंगे। राजपूत मारवाड़ सभा अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
Author: Dilip Purohit
Group Editor









