दो, तीन, चार या पांच वर्ष की पाठ्यक्रम अवधि के दौरान प्रतिवर्ष 30 हजार रुपए छात्रवृत्ति दी जाएगी
राखी पुरोहित. नई दिल्ली
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना भारत में गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्त्वपूर्ण पहल है। इस योजना का उद्देश्य वंचित वर्ग की बालिकाओं को उच्च शिक्षा तक पहुंचने में सहयोग प्रदान करना है, जिससे वे समाज में आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
योजना का उद्देश्य
ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की अनेक बालिकाएं विद्यालय शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा के द्वार तक पहुंचते ही कई प्रकार की सामाजिक और आर्थिक बाधाओं से जूझती हैं। कई बार कॉलेज की दूरी, परिवहन की सुविधा की कमी, या परिवार की आर्थिक असमर्थता उन्हें आगे पढ़ने से रोक देती है। इन सभी अड़चनों को ध्यान में रखते हुए अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप बालिकाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करती है ताकि वे डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम निर्बाध रूप से पूरा कर सकें।
वित्तीय सहायता
चयनित छात्राओं को 30,000 रुपये प्रति वर्ष की राशि प्रदान की जाती है। यह सहायता दो, तीन, चार या पांच वर्ष की पाठ्यक्रम अवधि के दौरान प्रतिवर्ष दी जाती है। यह राशि ट्यूशन फीस या किसी अन्य शैक्षणिक खर्च के लिए उपयोग की जा सकती है।
2024-25 सत्र के लिए चयनित क्षेत्र
- मध्यप्रदेश
- राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई ज़िले
- झारखंड के रांची जिले का इटकी ब्लॉक
मुख्य तिथियां
- पिछला चक्र (2024-25):
- आवेदन की शुरुआत: 1 सितंबर 2024
- आवेदन की अंतिम तिथि: 30 सितंबर 2024
- छात्रवृत्ति वितरण पूर्ण: 25 अप्रैल 2025
- आगामी चक्र (2025-26):
- जुलाई 2025 में अगला चक्र घोषित किया जा रहा है जो 18 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश तक विस्तार करेगा।
योग्यता मानदंड
- स्थानीय सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण
- शैक्षणिक वर्ष 2023-24 या उससे पहले सरकारी (रेगुलर या ओपन) स्कूल से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण
- किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या प्रतिष्ठित निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में नियमित छात्रा के रूप में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रथम वर्ष में प्रवेश होना आवश्यक
आवश्यक दस्तावेज़
- कक्षा 10वीं और 12वीं की मूल अंकतालिकाएँ
- आधार कार्ड
- कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण:
- प्रोविजनल एडमिशन सर्टिफिकेट / बोनाफाइड सर्टिफिकेट / फीस रसीद (कम से कम एक आवश्यक)
- इसमें छात्रा का नाम, कॉलेज का नाम, कोर्स प्रारंभ तिथि/वर्ष और कोर्स प्रकार स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए
- दस्तावेज़ यूनिवर्सिटी या कॉलेज के आधिकारिक लेटरहेड पर सील और हस्ताक्षर सहित होना चाहिए
- हाल ही में खिंचवाया गया पासपोर्ट साइज फोटो (6 माह से अधिक पुराना नहीं)
- सभी दस्तावेज़ साफ, रंगीन स्कैन किए हुए, बिना किसी इमोजी या ऐप-स्टैंप के
- PDF/PNG/JPG/JPEG फॉर्मेट में; फ़ाइल आकार 1.5 MB से कम
बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेगी, देश-दुनिया में नाम रोशन करेंगी
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना एक ऐसा संबल है जो आर्थिक और सामाजिक बाधाओं के बावजूद देश की बेटियों को उच्च शिक्षा तक पहुँचने का अवसर देता है। जुलाई 2025 में अगला आवेदन चक्र आरंभ होने जा रहा है, जो और अधिक राज्यों तक विस्तार करेगा। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में लैंगिक समानता की दिशा में एक सशक्त कदम है। अधिक जानकारी के लिए छात्राएँ संबंधित स्कूल, कॉलेज या azimpremjifoundation.org संपर्क कर सकती हैं।





