प्रतिवर्ष छात्राओं को हॉस्टल, खान-पान, आईसीएआई की फीस एवं कोचिंग सुविधा निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। मेधावी बच्चियों का आर्थिक अभाव में नहीं रुकेगा कॅरिअर
राइजिंग भास्कर. उदयपुर
सीए रेखा सोमानी फाउंडेशन सुपर-10 के तहत फाउंडेशन की स्थापना के प्रथम वर्ष में ही देश की निर्धन बालिकाओं को सीए बनाने के लिए 1 अगस्त से निशुल्क कोचिंग शुरू करेगा।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी सीए देवेंद्र सोमानी ने बताया कि इसकी विधिवत शुरुआत 1 अगस्त को हिरणमगरी सेक्टर 4 स्थित लायंस भवन में एक सादे समारोह में की जाएगी। समारोह सुबह 11 बजे प्रारंभ होगा।
प्रथम वर्ष सुपर-10, अगले वर्ष सुपर-100 एवं बाद में सुपर-500 का लक्ष्य
देवेंद्र सोमानी ने बताया कि प्रथम वर्ष में सुपर-10 के तहत देश के विभिन्न हिस्सों से आई बालिकाओं को सेक्टर 4 स्थित हॉस्टल में 4 वर्ष तक ठहरा कर उनके खाने-पीने, रहन-सहन एवं कोचिंग की निशुल्क सुविधा फाउंडेशन द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि अलगे वर्ष से सुपर-10 को सुपर-100 में एवं बाद में सुपर-500 तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया । सुपर-500 को देश के चार पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण में बांट कर उन क्षेत्रों की निर्धन बालिकाओं को वहीं निशुल्क सीए की फीस, हॉस्टल, भोजन, कोचिंग प्रदान की जाएगी ताकि बालिकाओं को यहां अपने क्षेत्र एवं भाषा की कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने बताया कि रेखा सोमानी फाउंडेशन ने देश की 12वीं पास निर्धन मेधावी छात्राओं को सीए बनाने का बीड़ा उठाया है ताकि वे छात्राएं आगे चल कर न केवल अपने परिवार का वरन अपने शहर, राज्य व देश का नाम रोशन कर देश के विकास में अपनी सहभागिता निभा सकें।
कल से शुरुआत, देश के प्रख्यात शिक्षक निशुल्क कोचिंग देंगे
ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी सीए देवेंद्र सोमानी ने बताया कि इसकी शुरुआत इसी वर्ष 1 अगस्त से की जा रही है। इन चयनित 10 छात्राओं की सीए कोर्स की फीस, उनके आवास, खाने-पीने एवं उनकी देश की ख्यातनाम शिक्षकाें से निशुल्क कोचिंग करवाई जाएगी।
मासिक एवं त्रैमासिक पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा
सीए सोमानी ने बताया कि छात्राओं के नियमित अध्ययन पर ट्रस्ट की पूरी निगरानी रहेगी। उनका मासिक एवं त्रैमासिक स्तर पर उनकी शैक्षिक योग्यता का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा। ट्रस्टी एवं मार्गदर्शक मंडल सीए सोमानी ने बताया कि इस ट्रस्ट में सीए प्रवीण अग्रवाल, सीए मुकेश खूबचंदानी, सीए देवेंद्र सोमानी एवं समाजसेवी विष्णु तोषनीवाल को मनोनीत किया गया। इसके अलावा गठित मार्गदर्शक मंडल में देश एवं विदेश की कई संस्थानों के बोर्ड मेंबर, लंदन बिजनेस स्कूल से एमबीए कर चुके एवं सामाजिक रूप से विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले दैश के जाने माने प्रोफेशनल सीए पवन जागेटिया, देश के ख्यातनाम अप्रत्यक्ष कर की फैकल्टी सीए यशवंत मंगल, सीए नितेश मोर पूर्व चेयरमैन, ईआईआरसी सीए शशांक अग्रवाल पूर्व चेयरमैन, एनआईआरसी सीए डूंगरचंद जैन, पूर्व चेयरमैन, एसआईआरसी सीए दिलीप कोठारी, सीए विकास जैन, सीए पंकज नेवटिया, सीए दीपक ऐरन, सीए विमल सुराणा, सीए हितेश भदादा, सीए नवदीप आमेटा, सीए प्रितेश जैन, महेंद्र कुमार माहेश्वरी, नंद किशोर सोडानी भीलवाड़ा एवं शीतल काकानी जयपुर को शामिल किया गया है। छात्राओं की देखरेख के लिये महिला समिति का भी गठन किया है, इसमे सीए अरुणा गेलड़ा, सीए ज्योति माहेश्वरी, सीए सविता, सीए दामिनी कासट, सीमा सोडानी एवं ललिता काकानी को सम्मिलित किया है।
सीए फाउंडेशन से लेकर सीए फाइनल तक का पूरा खर्च फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाएगा।





