राखी पुरोहित. जोधपुर
अंतरराष्ट्रीय श्रेया क्लब महिला प्रकोष्ठ की ओर से सावन माह में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साह दिखाया।
समीक्षक शिखा पांडेय ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में महिला सदस्यों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। विभिन्न कलाकृतियों में मेहंदी सजाई गई और मेहंदी के खिले रंग ने जीवन को महका दिया। रचनाकारों ने सावन गीतों की स्वरचित गीतमाला में अपने अनुभव को पिरोते हुए मंच को सुशोभित किया। सावन नृत्य प्रतियोगिता में हरे रंग के परिधान में शृंगार प्रतियोगिता में प्रत्येक सदस्यागण सौंदर्य के प्रतिमान को छूते नज़र आए।
सावन नृत्य प्रतियोगिता में सभ्यता एवं संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ते हुए विभिन्न प्रतिभागियों की प्रांतीय लोकनृत्य प्रस्तुति के क्रम में राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा की प्रसिद्ध नृत्य शैली ने सबका मन मोह लिया। सावन व्रत विशेष के अंतर्गत व्रत में भारत के विभिन्न प्रांतों के व्रत के व्यंजनों को बनाते हुए छवि के साथ विधि की जानकारी को सांझा करना अत्यंत ही रोचक और ज्ञानवर्धक रहा। अंतरराष्ट्रीय श्रेया क्लब महिला प्रकोष्ठ की समीक्षक शिखा पांडेय ने बताया कि संस्थापक डॉ.अर्चना श्रेया के प्रोत्साहन एवं स्नेह की छत्रछाया में संयोजक मीता लूनिवाल “मीत”के कुशल दिशा-निर्देशन एवं सांस्कृतिक प्रभारी तनुजा शुक्ला एवं मीडिया प्रभारी राखी पुरोहित के कुशल प्रबंधन तथा संचालन एवं सहयोग से आयोजित गूगल मीट में सावन के गीतों एवं भगवान शिव के भजनों के संगम में रचनाकारों ने गोते लगाए। समस्त प्रतिभागी साहित्यकारों को सम्मान पत्र द्वारा प्रोत्साहन एवं उत्साहवर्धन करने पर पटल प्रभारी विनीता लावनियां, अध्यक्ष हेमा श्री, महासचिव क्षमा पाण्डेय, संरक्षक वनदेवी, एवं सलाहकर दीप माला साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी के लिए मंगल कामना की।
अंत में समस्त कार्यक्रमों की सराहना करते हुए अंतरराष्ट्रीय श्रेया क्लब की संस्थापक डॉ. अर्चना श्रेया ने श्रेया क्लब के आयोजन को सफल बनाने पर आभार व्यक्त करते हुए समस्त महिला साहित्यकारों की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि हेतु शुभकामनायें दी। सबके सहयोग से आयोजन सफल हुआ।









