Explore

Search

Thursday, February 19, 2026, 12:22 pm

Thursday, February 19, 2026, 12:22 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

उम्मेद हॉस्पिटल निशुल्क भोजनशाला बनी मरीजों-परिजनों के लिए वरदान; सुरेश राठी ग्रुप के डायरेक्टर सौरभ राठी के जन्म दिन पर करवाया निशुल्क भोजन

गत 13 अगस्त को उत्कृर्ष ग्रुप के चेयरमैन और संस्थापक डॉ. निर्मल गहलोत ने अपने जन्मदिन पर 11 लाख रुपए भेंट कर की थी शुरुआत, अदम्य चेतना ट्रस्ट के सहयोग से संचालित होती है निशुल्क भोजनशाला

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 

8302316074 diliprakhai@gmail.com

शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में जोधपुर के गौरव डॉ. निर्मल गहलोत द्वारा गत 13 अगस्त को अपने जन्मदिन पर उम्मेद हॉस्पिटल में अदम्य चेतना ट्रस्ट के सहयोग से शुरू की गई निशुल्क भोजनशाला मरीजों और परिजनों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। डॉ. गहलोत ने निर्मल गहलोत चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से 11 लाख रुपए खर्च कर उम्मेद हॉस्पिटल में निशुल्क भोजनशाला की शुरुआत की थी। इस भोजनशाला को अदम्य चेतना ट्रस्ट के सहयोग से शुरू किया गया। गौरतलब है कि अदम्य चेतना ट्रस्ट की ओर से महात्मा गांधी अस्पताल की रसोई में भी भोजन सप्लाई किया जाता है और पूरे देश में भोजन सप्लाई के क्षेत्र में अदम्य चेतना ट्रस्ट की अपनी पहचान है।

रोजाना 500 लोग करते हैं निशुल्क भोजन : 

उम्मेद हॉस्पिटल में एक हॉल में टीनशेड लगाकर डॉ. गहलोत ने निशुल्क भोजनशाला की शुरुआत करवाई। डॉ. गहलोत ने देखा कि उम्मेद अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की बड़ी परेशानी हो रही है। जोधपुर संभाग के सबसे बड़े जनाना अस्पताल में संभाग भर से ही नहीं देश भर से क्रिटिकल केस आते हैं। यहां रोज ओपीडी में भी भीड़ रहती है। भर्ती मरीजों के परिजन परेशान ना हो और मरीजों को भी भरपेट भोजन मिल जाए इसके लिए डॉ. गहलोत ने निशुल्क भोजनशाला की सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया। गत 13 अगस्त को अपने जन्मदिन पर इसकी शुुरुआत करवाई। यहां अब रोजाना दोपहर 12:30 से दोपहर 2:30 बजे तक 500 लोग निशुल्क भोजन करते हैं।

सौरभ राठी का जन्मदिन आदर्श रूप में मनाया, आप भी कर सकते हैं ऐसी पहल

उम्मेद अस्पताल की इस निशुल्क भोजनशाला में शुक्रवार को सुरेश राठी ग्रुप के डायरेक्टर सौरभ राठी के जन्म दिन को आदर्श रूप में मनाया गया। इस मौके पर मरीजों और उनके परिजनों को निशुल्क भोजन करवाया गया। आज के भोजन की व्यवस्था शहर के प्रतिष्ठित बिजनेसमैन और वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश राठी की ओर से की गई। सुरेश राठी ने बताया कि उम्मेद अस्पताल शहर में आदर्श केंद्र बने इसके लिए शहरवासियों को चाहिए कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पुण्यतिथि और विशेष अवसरों पर सहयोग राशि देकर अपनी ओर से निशुल्क भोजन करवाने में सहयोग देना चाहिए।

उड़ान फाउंडेशन के अध्यक्ष वरुण धनाडिया की ओर से भी की गई सेवा

शुक्रवार को उम्मेद अस्पताल की निशुल्क भोजनशाला में उड़ान फाउंडेशन के अध्यक्ष वरुण धनाडिया की ओर से भी सहयोग राशि भेंट कर सेवा कार्य किया गया। वरुण धनाडिया का मानना है कि मरीजों और परिजनों की सेवा से जो पुण्य और आत्मिक संतुष्टि मिलती है वह हमारे लिए संचय करने योग्य है।

डॉ. गहलोत ने कहा- सेवा से मिलता है आत्मिक सुकून

डॉ. निर्मल गहलोत ने अदम्य चेतना ट्रस्ट के सहयोग से गत 13 अगस्त को निशुल्क भोजनशाला शुरू कर आत्मिक सुकून और शांति के भाव का पौधा रोपा। अब इस भोजनशाला में शहरवासी रुचि लेने लगे हैं। कम समय में ही लोगों का ध्यान इस ओर आकृष्ट हुआ है। प्रतिदिन शहरवासी जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पुण्यतिथि और विशेष अवसरों पर अपनी ओर से सहयोग राशि देकर लोगों को निशुल्क भोजन करवा रहे हैं। उत्कृर्ष ग्रुप से जुड़े मुकेश चौहान ने बताया कि कोई भी व्यक्ति 5100 रुपए का सहयोग देकर अपनी ओर से भोजन करवा सकता है। शुक्रवार को सौरभ राठी और वरुण धनाडिया की ओर से निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई। इस मौके पर डॉ. निर्मल गहलोत, सुरेश राठी, वरुण धनाडिया और शहर के प्रतिष्ठित लोगों ने अपने हाथों से मरीजों और उनके परिजनों को भोजन करवाया। इससे पहले भोजन मंत्र का उच्चारण किया गया।

साफ-सफाई और बैठने की उत्तम व्यवस्था 

उम्मेद अस्पताल की इस निशुल्क भोजनशाला में साफ-सफाई और बैठने की उत्तम व्यवस्था है। अदम्य चेतना ट्रस्ट की ओर से गर्मागर्म भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। उल्लेखनीय है कि अदम्य चेतना ट्रस्ट की ओर से एमजीएच में भी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है और पूरे देश में भोजन सप्लाई काे मिशन के रूप में लिया जा रहा है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor