भरत जोशी. जोधपुर
बचपन से संगीत की धुनें और गायकी सुनकर बड़ी हुई और मात्र 18 वर्ष की उम्र में एशिया संगीत सुपरस्टार का पुरस्कार और देश विदेश में प्रसिद्ध टेलीवीज़न शो इंडियन आइडल में द्वितीय उपविजेता बनने के बावजूद भी हिंदी फिल्मों, टेलीवीज़न शो और निजी एल्बम में लगातार गाने गाकर अपनी पहचान बनाने वाली स्नेहा शंकर की खनकती, सुरमई आवाज शनिवार 30 अगस्त को सायं 7 बजे से जोधपुरवासियों को सुनने को मिलेगी। इरादा संस्थान की एटरनल रागास 14वीं सेलिब्रिटी प्रस्तुति के तहत मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हो रही सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध समाजसेवी और इरादा के संरक्षक भरत कानूनगो की स्मृति में हो रही है।
सांस्कृतिक सचिव विनय जोशी, गुरुदत्त पुरोहित, अरविंद जोशी, मनोज बोड़ा, पंकज जोशी, राजेश व्यास, योगेंद्र व्यास व सुरेखा मूंदड़ा सहित सभी कार्यकारिणी सदस्यों की देखरेख में सांस्कृतिक संगीत संध्या के भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही है। प्रसिद्ध हिंदी फिल्म निर्माता जयंतीलाल गड्ढा तथा कवि और टेलीविजन आर्टिस्ट शैलेश लोढ़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि सांस्कृतिक कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इरादा संस्थान के अध्यक्ष विकास पुरोहित व सचिव डॉ संगीता गट्टानी ने बताया कि स्नेहा शंकर भारतीय पार्श्व गायिका हैं जो विश्व प्रसिद्ध सूफी गायक शंकर शंभू के शंकर की पोती और संगीतकार और गायक राम शंकर की बेटी है जो 3 वर्ष की आयु से ही संगीत सीख रही है। इंडियन आइडल शो में स्नेहा ने 1990 से 2025 तक तीन दशक के सभी तरह गाने जिसमें ग़ज़ल, सूफी गीत, भारतीय शास्त्रीय संगीत और बॉलीवुड स्टाइल के गाने अलग अलग अंदाज, लयकारी और जिस शिद्दत के साथ प्रस्तुत किए उससे शो के जज संगीतकार विशाल ददलानी, गायक श्रेया घोषाल और बादशाह बहुत प्रभावित हुए। साथ ही शो में आए पुराने नए संगीतकार और गायकों ने स्नेहा शंकर की गायकी की खूब तारीफ की। इसी से प्रभावित होकर टी-सीरीज़ की तरफ से उन्हें एक महत्वपूर्ण रिकॉर्डिंग कॉन्ट्रैक्ट मिला जिससे उनका संगीत कॅरियर एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया। इसके अलावा उन्होंने उन्होंने ‘हनुमान: दा दमदार’ और ‘चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों के लिए, टेलीविजन सीरीज के साथ साथ प्राइवेट एल्बम में भी गाने गाए हैं । स्नेहा शंकर अपनी इसी आवाज के साथ प्रसिद्ध बॉलीवुड संगीत निर्देशक विशाल शेखर, हिमेश रेशमिया, अमित त्रिवेदी, स्नेहा खानविलकर, जीत गांगुली के साथ भी गानों की रिकार्डिंग कर रही है।









