जोधपुर हुआ जलमग्न, सरदारपुरा, चौपासनी रोड, नेहरू पार्क, चांदपोल से सूरसागर तक हर तरफ पानी ही पानी, एमडीएम अस्पताल और शास्त्री नगर के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति
शिव वर्मा. जोधपुर
भादवा में मानूसन मेहरबान है। रविवार को दिन में बारिश के बाद बादल देर रात बरसे…बरसात रात भर होती रही और सुबह करीब सात बजे तक बादल बरसते रहे। ऐसे में बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हुई वहीं कई स्कूलों ने छुट्टी कर दी। तेज बरसात से शहर में जल भराव की स्थिति हो गई। शहर के परंपरागत स्थानों पर पानी का भराव हो गया। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश सुबह तक रुक-रुक कर होती रही। बारिश से सरदारपुरा, चौपासनी रोड, नेहरू पार्क, एमडीएम अस्पताल और शास्त्री नगर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। चांदपोल से सूरसागर तक हर तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा।
रात भर बारिश होने से शहर ठहर सा गया। चारों तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा। कई इलाकों में रात को बिजली गुल हो गई। ऐसे में डिस्कॉम कॉल सेंटर में शिकायतों की झड़ी लग गई।
उम्मेद सागर बांध की पाल में आई दरार, पाल टूटने का खतरा
तेज बारिश से उम्मेद सागर बांध में पानी की आवक बढ़ गई। वहीं उम्मेद सागर की पाल में भी दरार आने की सूचना है। बताया जा रहा है कि पाल टूटने का खतरा मंडरा रहा है। तेज बारिश के चलते बांध में पानी का लेवल बढ़ने से बांध की पाल टूटने का खतरा है। पिछले कई वर्षों से बांध की पालकी देखरेख नहीं की गई है। प्रशासन द्वारा बांध की समय पर रिपेयरिंग नहीं करने से बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
बारिश पर एक नजर :
– पिछले 10 घंटों से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश ने जोधपुर को किया जलमग्न!
– सरदारपुरा, चौपासनी रोड, नेहरू पार्क, चांदपोल से सूरसागर तक हर तरफ पानी ही पानी!
– एमडीएम अस्पताल और शास्त्री नगर के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति!
-बिजली चमकती रही और गरजते बादलों के साथ सुबह करीब सात बजे तक बारिश होती रही। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
– सड़कों पर भरा पानी, आमजन को हो रही भारी परेशानी!
– तिंवरी क्षेत्र में बोलेरो वाहन के बहने की सूचना से मचा हड़कंप!
जब बारिश थमती है, तभी पानी की निकासी शुरू होती है… और तभी फिर से बरस पड़ते हैं बादल! कल रात से जारी है यही सिलसिला – प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड में
जोधपुर। आमतौर पर जाहिर सी बात है जब बारिश थमती है तभी पानी की निकासी शुरू होती है…मगर जोधपुर में हुआ यह कि पिछले दस घंटों से रुक-रुककर लगातार बारिश होती रही। रुकने के बाद फिर बारिश होने से कल रात से ही शहर में परेशानी का सिलसिला शुरू हो गया। प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड में रहा। जहां से भी जलभराव की सूचना आती प्रशासन कार्रवाई को तत्पर नजर आया।
जोधपुर डिस्कॉम जोधपुर द्वारा जनहित में जारी दिशा निर्देश
1. बारिश के मौसम में बिजली की लाइनों से दूर रहें।
2. विद्युत लाइनों पर आंकड़ें डालने का प्रयास नहीं करें।
3. खंभों व ट्रांसफार्मरों से दूर रहें।
4. बरसात में खंभों पर लगे स्टे वायर को नहीं छूएं।
5. विद्युत तंत्र के आसपास नंगे पैर नहीं घूमें। अर्थिंग मिलने से करंट का तेज झटका लग सकता है।
6. बिजली के खंभों व तारों के आसपास कपडे़ नहीं सुखाएं।
7. बिजली के खंभों पर विज्ञापन बोर्ड, टीवी केबल, पम्पलेट आदि नहीं लगाएं।
8. घर के सामने से गुजर रहे तारों पर प्लास्टिक पाइप नहीं चढाएं, इनमें पानी भरने से करंट का खतरा बना रहता है।
9. पार्क या घर के बाहर बच्चों को विद्युत तंत्र के आसपास नहीं खेलने दें।
10. ट्रांसफार्मरों के नीचे कचरा नहीं फैंके, कचरे के चलते पशुओं का यहां जमावड़ा लगा रहता है।
11. छत पर या आसपास से गुजरती हुई बिजली की लाइन से छेड़छाड़ नहीं करें व उचित दूरी बनाकर रखें।
इस जानकारी को अपने परिवार, प्रिय जनों एवं दोस्तों को भेजकर जागरूक नागरिक बने।












