Explore

Search

Saturday, January 17, 2026, 12:35 am

Saturday, January 17, 2026, 12:35 am

LATEST NEWS
Lifestyle

महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह बोले- संतों ने हमेशा त्याग-समर्पण का संदेश दिया, बेटियां पढ़ेंगी तो देश बढ़ेगा, शिक्षा ही सबसे बड़ा धन

Share This Post

लाल बूंद जिंदगी रक्षक सेवा संस्थान ने परमहंस डॉ. रामप्रसाद महाराज के जन्मोत्सव पर बालिका छात्रवृत्ति वितरित की, रामस्नेही सम्मान दिए और प्रदेश, जोधपुर शहर और ग्रामीण कार्यकारिणी ने शपथ भी ली

दिलीप कुमार पुरोहित. शिव वर्मा. जोधपुर 

9783414079 diliprakhai@gmail.com

लाल बूंद जिंदगी रक्षक सेवा संस्थान की ओर से बुधवार को सूरसागर स्थित बड़ा रामद्वारा परिसर में परमहंस डॉ. रामप्रसाद महाराज के जन्मोत्सव अवसर पर बालिका छात्रवृत्ति वितरण, रामस्नेही सेवा सम्मान और संस्थान की प्रदेश, जोधपुर शहर एवं ग्रामीण कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज सेवा और संस्कार सबसे बड़ी पूंजी हैं। परमहंस डॉ. रामप्रसाद महाराज जैसे संत महापुरुषों ने हमेशा त्याग और समर्पण का संदेश दिया है और आज उनके जन्मोत्सव पर यह आयोजन उन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो किसी भी समाज को आगे बढ़ाती है, विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब बेटियां पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बनेंगी तभी परिवार, समाज और देश मजबूत होगा। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पहल नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने संस्थान की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से लेकर शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में लाल बूंद जिंदगी रक्षक सेवा संस्थान  जिस समर्पण से कार्य कर रहा है, वह अनुकरणीय है। युवाओं से उन्होंने आह्वान किया कि वे केवल अपने लिए नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी योगदान दें।

समाजसेवा ही सच्ची साधना है : निंबाराम

क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम ने कहा कि समाजसेवा ही सच्ची साधना है। रक्तदान, छात्रवृत्ति और सेवा कार्य जैसे प्रयास समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। लाल बूंद संस्थान द्वारा किया जा रहा यह कार्य समाज को जोड़ने और युवाओं को सेवा की ओर प्रेरित करने वाला है। सांसद राजेंद्र गहलोत ने कहा कि लाल बूंद संस्थान ने अल्प समय में सेवाभाव की जो मिसाल कायम की है, वह प्रेरणादायी है। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना राष्ट्र निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है।

सेवा कार्यों से समाज में सौहार्द और भाईचारे की भावना प्रबल होती है : टोगस

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने कहा कि सेवा कार्यों से समाज में सौहार्द और भाईचारे की भावना प्रबल होती है। उन्होंने कहा कि संस्थान के कार्य न केवल सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण हैं बल्कि युवाओं को अनुकरणीय दिशा भी देते हैं। समाजसेवी नरेश जाजड़ा ने कहा कि जोधपुर की धरा सेवा और समर्पण की भावना से परिपूर्ण है और लाल बूंद संस्थान ने इसे और मजबूती दी है। उन्होंने छात्रवृत्ति और सम्मान समारोह को भविष्य की पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया।

हर जरूरतमंद तक हम पहुंचेंगे : रजत गौड़

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष रजत गौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि लाल बूंद संस्थान का उद्देश्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जरूरतमंद तक पहुँचना है। जब संस्थान की शुरुआत हुई थी, तब केवल एक संकल्प था कि किसी भी व्यक्ति की जान रक्त की कमी से न जाए और समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता की अलख जगाई जाए। उन्होंने कहा कि बालिका छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग देना नहीं है, बल्कि समाज में यह संदेश देना है कि बेटियाँ हमारी ताकत हैं। अगर उन्हें शिक्षा, आत्मविश्वास और अवसर दिए जाएं तो वे किसी भी क्षेत्र में कमाल कर सकती हैं। इस योजना से बेटियों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और उनके परिवारों का भी हौसला बढ़ेगा।

रजत गौड़ ने आगे कहा कि संस्थान ने अब तक हजारों जरूरतमंदों तक पहुंच कर रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में कार्य किया है। आज तीनों कार्यकारिणी के सौ से अधिक पदाधिकारियों ने सेवा की शपथ ली है, जो आने वाले समय में संस्थान को और मजबूती देंगे। उन्होंने कहा कि रामस्नेही सेवा सम्मान का उद्देश्य समाज के उन नायकों को सामने लाना है, जो निस्वार्थ भाव से सेवा कर रहे हैं। ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं है बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा देने का माध्यम है।

इनका किया सम्मान

मंच संचालन भानु पुरोहित ने किया। समारोह में डॉ. आलोक शर्मा (कार्डियोलॉजिस्ट, एम्स), समाजसेवी दर्शन जाजड़ा, दीपांशु जाजड़ा, एसडीएम विक्रांत शर्मा, समाजसेवी ओम सोनी, थानाधिकारी माता का थान मनोज परिहार, समाजसेवी वरुण धनाडिया, उपनिरीक्षक किरण गोदारा, भगवान गहलोत, आसाराम लड्डा, लक्ष्मीदेवी टाक, अल्लाज रहमान खिलजी और रमेशचंद्र शर्मा को रामस्नेही सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी अनिल कच्छवाहा और प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने मुख्य अतिथियों को तलवार भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में प्रदेश महामंत्री सोहन पटेल, दिनेश परिहार, महेंद्र गर्ग, मनीष बागड़ी, राजाराम तिवाड़ी, सत्यनारायण सोलंकी, जितेंद्र सांखला, कैलाश गौड़, जिलाध्यक्ष नरेश परिहार, श्याम चौधरी, वीरेंद्र सिंह गुर्जर, अजय चौधरी, गौरव पोटलिया, नवीन शर्मा, हिमांशु परिहार, जुगल दयानी, जिलाध्यक्ष ग्रामीण श्याम विश्नोई, पुखराज शर्मा, केवलाराम देवड़ा, सूरज गौड़, रवि गर्ग, नेमाराम पटेल, राहुल पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Rising Bhaskar
Author: Rising Bhaskar


Share This Post

Leave a Comment