Explore

Search

Friday, April 17, 2026, 1:43 pm

Friday, April 17, 2026, 1:43 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

स्वदेशी कोई नारा नहीं, राष्ट्रीय संकल्प : शेखावत

फलोदी में आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला में बोले केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री

शिव वर्मा. फलोदी. जोधपुर

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग आत्मनिर्भरता और स्वदेशी के दर्शन से होकर गुजरता है। स्वदेशी कोई नारा नहीं, यह राष्ट्रीय संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने न केवल आर्थिक क्षेत्र में, अपितु तकनीकी, रक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति की है।

सोमवार को फलोदी में भाजपा कार्यकर्ताओं की आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला में शेखावत ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश पॉलिसी पैरालिसिस और भ्रष्टाचार के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहा था, लेकिन मोदी सरकार के निर्णायक फैसलों जैसे नोटबंदी, जीएसटी, डिजिटाइजेशन और पारदर्शी शासन व्यवस्था ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। फर्जी राशन कार्डों की पहचान से सरकार को हर साल 24 हजार करोड़ रुपए की बचत हुई, जबकि जीएसटी लागू होने के बाद कर संग्रह 65 हजार करोड़ से बढ़कर 2.34 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संकल्प है। उदाहरण देते हुए शेखावत ने बताया कि कभी भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल आयातक था, लेकिन आज हम मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के दूसरे सबसे बड़े निर्यातक बन चुके हैं। एप्पल जैसी कंपनियां भारत में बड़े पैमाने पर मोबाइल निर्माण कर रही हैं, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी सफलता है। रक्षा उत्पादन और स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि कोविड महामारी के समय भारत ने न केवल अपने लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए वैक्सीन बनाकर मानवता की सेवा की। यह भारत की सामर्थ्य और संवेदना दोनों का प्रतीक है।

शेखावत ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाली दिवाली पर “वोकल फॉर लोकल” अभियान को अपनाएं, विदेशी वस्तुओं के स्थान पर देशी उत्पाद खरीदें और अपने जीवन में स्वदेशी को व्यवहार का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी कोई नारा नहीं, यह राष्ट्रीय संकल्प है। जब हर भारतीय स्वदेशी अपनाएगा, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा। कार्यक्रम में राजस्थान पशु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, नोखा के पूर्व विधायक बिहारीलाल विश्नोई, अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जांबा धाम में लगाई धोक

शेखावत ने बीकानेर से फलोदी पहुंचकर जांबा धाम स्थित श्री जम्भेश्वर भगवान के मंदिर में धोक लगाई। संत महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

जाम्भाणी सत्संग में कथा का श्रवण किया

केंद्रीय मंत्री नेवा स्थित श्री गुरु जम्भेश्वर मंदिर में देव प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्री जाम्भाणी सत्संग कथा ज्ञान यज्ञ में सम्मलित हुए। उन्होंने श्री गुरु जम्भेश्वर भगवान धर्मार्थ एवं परमार्थ नेवा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कथा में संत महात्माओं का आशीर्वाद लिया। उन्होंने श्री गुरु जम्भेश्वर मंदिर में देव प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्री जाम्भाणी सत्संग कथा ज्ञान यज्ञ कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर नेवा पंचायत समिति के विविध विकास कार्यों के लोकार्पण का सुअवसर मिला। फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पूर्व सांसद जसवंत सिंह विश्नोई, पूर्व विधायक बिहारी लाल विश्नोई,नेवा पंचायत समिति के जनप्रतिनिधि श्रीमती मौन कंवर, रेशमाराम विश्नोई, श्रीमती कमला देवी, सरपंच ईमी देवी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor