Explore

Search

Sunday, March 15, 2026, 2:19 pm

Sunday, March 15, 2026, 2:19 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल बीएलए की अनिवार्य रूप से करें नियुक्ति: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के बारे में दी गई जानकारी

शिव वर्मा. जयपुर

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जयपुर में बैठक की। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी महाजन ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण की एसआईआर की तारीखों की घोषणा कर दी है इसमें राजस्थान भी शामिल हैं। प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राजस्थान में बूथ लेवल एजेंट के नियोजन की कार्यवाही बहुत पहले से ही प्रारंभ होने के कारण फेज-2 के सभी राज्यों में से राजस्थान में सर्वाधिक बूथों पर बीएलए नियोजित किए जा चुके हैं। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उन्होंने आग्रह किया है कि वे अनिवार्य रूप से शेष रहे बूथों पर भी अपने बीएलए नियुक्त कर दें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू होते ही मतदाता सूची फ्रीज कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर सभी राज्यों की विगत एसआईआर मतदाता सूची को देखा जा सकता है। इसके अलावा मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान election.rajasthan.gov.in की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तीन बार बीएलओ घर-घर जाकर वर्तमान मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाएंगे। राजस्थान में अब तक 70% मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है जो निकट भविष्य में 85 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। इसलिए उन्हें किसी भी तरह का दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाना होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एन्यूमरेशन फार्म भरने में यदि कोई व्यक्ति मिथ्या घोषणा करता है तो यह जुर्माने या कारावास से दंडनीय है।

बैठक के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। महाजन ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया 28 अक्टूबर 2025 से शुरू हो चुकी है 7 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस बीच 28 से 3 नवंबर तक विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्र मुद्रण से संबंधित कार्य किए जाएंगे। बीएलओ द्वारा 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक घर घर जाकर सर्वे किया जाएगा। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। दावे व आपत्तियों के आवेदन 9 दिसंबर से 9 जनवरी 2026 तक लिए जाएंगे। दस्तावेजों का सत्यापन 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 7 फरवरी 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor