Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 5:20 am

Sunday, August 23, 2026, 5:20 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

26वें जोधपुर पोलो सीजन 2025 का आगाज 10 दिसम्बर से होगा

देश-विदेश के नामचीन खिलाड़ी आएंगे खेलने, 5 टूर्नामेंट व 10 एकदिवसीय मैच सहित लेडीज इन्टरनेशनल पोलो कप भी होगा, इस बार का पोलो सीजन युवराज शिवराज सिंह के 50वें जन्मदिवस के तहत आयोजित होगा, पोलो सीजन का 17 जनवरी को होगा समापन, पूर्व नरेश गजसिंह के मुख्य संरक्षण में होगा पोलो सीजन, दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा
शिव वर्मा. जोधपुर 
26वां जोधपुर पोलो सीजन 2025 जोधपुर पोलो एवं इक्विस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के तत्वावधान में 10 दिसम्बर, 2025 से 17 जनवरी, 2026 तक महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो ग्राउंड, लेफ्टिनेंट जनरल एवीएम एच.एच. महाराजा उम्मेद सिंह एयरपोर्ट रोड, पाबूपुरा पर आयोजित होगा। आयोजन पूर्व नरेश गजसिंह के मुख्य संरक्षण में होगा। जोधपुर पोलो का शुभारम्भ 10 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे होगा। यह पोलो सीजन युवराज शिवराज सिंह के 50वें जन्मोत्सव के तहत आयोजित हो रहा है।
जोधपुर पोलो एवं इक्वीस्टेेरियन इंस्टिट्यूट, जोधपुर के मानद सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि 26वां पोलो सीजन 2025 में 5 टूर्नामेंट व 10 एकदिवसीय प्रदर्शन मैच खेले जाएंगे।

5 टूर्नामेंट होंगे

पोलो सीजन में पांच टूर्नामेंट होंगे। इसमें बुधवार 10 दिसम्बर 2025 से 13 दिसम्बर 2025 तक लो गोल टूर्नामेंट 14 से 17 दिसंबर तक उम्मेद भवन पैलेस कप 4 गोल, एचएच. महाराजा ऑफ जोधपुर कप 8 गोल 23 से 28 दिसम्बर 2025, राजपूताना व सेन्ट्रल इण्डिया कप 8 गोल 4 से 11 जनवरी 2026 व 12 से 17 जनवरी 2026 के मध्य महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप 8 गोल होगा।

10 प्रदर्शन मैच खेले जाएंगे

इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि सीजन में 10 प्रदर्शन मैच खेले जाएंगे, इसमें गुरुवार 18 दिसम्बर को ब्रिटिश पोलो डे होगा, 21 दिसम्बर को इंडियन एयर फोर्स लोंगेवाला पोलो कप, 25 दिसंबर को भंवर बाई जी लाल वारा राजे पोलो कप, 28 दिसम्बर को लेडीज इन्टरनेशनल पोलो कप का प्रदर्शन मैच, 29 दिसम्बर को महाराजा सरदार सिंह मेमोरियल कप, 05 जनवरी को इंडियन नेवी एडमिरल पोलो कप, 06 जनवरी को आर्मी कमाण्डर्स कप, 07 जनवरी को मेजर ठाकुर सरदार सिंह जसोल मेमोरियल कप, 08 जनवरी को हरमेष कप, व अबूसियर कप 14 जनवरी को खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि ये सभी एकदिवसीय मैच दोपहर 3 बजे होंगे।

देश के नामचीन खिलाड़ी आएंगे खेलने

4 हैण्डीकेप के महाराजा जयपुर सवाई पद्मनाभ सिंह, सैय्यद शमशेर अली, सिमरन सिंह शेरगिल, सिद्धांत शर्मा, 2 हैण्डीकेप के 61 कैवलरी से लेफ्टिनेंट कर्नल विशाल चौहान, धु्रवपाल गोदारा, सैय्यद बशीर अली, अंगद कलान, सैय्यद हूर अली, कुलदीप सिंह, 1 हैण्डीकेप के मेजर मृत्युंजय सिंह, अशोक चांदना पूर्व खेल मंत्री राजस्थान, 0 हैण्डीकेप के विक्रमादित्य सिंह बरकाना व इण्डियन नेवी से एपी सिंह।

विदेशी खिलाड़ियों की भी रहेगी भागीदारी

इंग्लैंड से 4 हैण्डीकेप के डेनियल ओटामेंडी, 4 हैण्डीकेप के लांस वाटसन दक्षिण अफ्रीका से, 4 हैण्डीकेप के जोहान डुप्रेज इंग्लैंड से व 3 हैण्डीकेप के गुंजालो येंजोन अर्जेन्टीना।

जोधपुर के ये खिलाड़ी खेलेंगे

जोधपुर के पोलो खिलाड़ी धनंञ्जय सिंह, योगेश्वर सिंह, हेमेन्द्र सिंह, निखिलेन्द्र सिंह, अंकुर मिश्रा, विश्वराज सिंह भाटी, पराक्रमसिंह आऊवा, देव्रत सिंह झालामण्ड, नितिन भटेर व पेप सिंह पोलो सीजन में खेलेंगे।

मेयो कॉलेज अजमेर के दो युवा खिलाड़ी आएंगे खेलने

मेयो कॉलेज अजमेर के दो युवा खिलाड़ी शिवांश सिंह शक्तावत व लक्ष्यराज सिंह राजावत खेलने आएंगे।

यह होंगे अंपायर

पोलो सीजन में उदय कलान व निकोलस स्क्रोटीचीनी अर्जेन्टीना अम्पायर होंगे। पोलो सीजन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। किसी तरह का टिकट नहीं होगा। यह जानकारी सचिव इंद्रजीत सिंह नाथावत ने दी।
Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor