Explore

Search

Saturday, January 24, 2026, 12:56 am

Saturday, January 24, 2026, 12:56 am

LATEST NEWS
Lifestyle

‘एक शाम-धर्मेंद्र के नाम’ में झलका उल्लास, बीकानेर की जनता झूम उठी

राखी पुरोहित. बीकानेर 

पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता एवं बीकानेर के पूर्व सांसद हीमैन धर्मेंद्र की याद में कोहिनूर कला केंद्र बीकानेर द्वारा एक संगीतमय संध्या ‘एक शाम-धर्मेंद्र के नाम’ का आयोजन स्थानीय महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम, नागरी भण्डार में किया गया।

कला केंद्र के नौशाद अली और अनवर अली ने संयुक्त रूप से बताया कि इस संगीतमय संध्या की अध्यक्षता नगर के वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा ने की। कमल रंगा ने अध्यक्षीय उद्बोधन के रूप में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि धर्मेंद्र न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता थे बल्कि एक नेक इंसान भी थे। लोग उन्हें दिल से चाहते थे। उन्होंने अपने उम्दा अभिनय एवं विविध भूमिकाओं से सभी लोगों का दिल जीत लिया था।

संगीतमय संध्या के मुख्य अतिथि शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अरविंद मिढ्ढा ने कहा कि कोहिनूर कला केंद्र की तरफ से स्वर्गीय धर्मेंद्र की याद में कार्यक्रम आयोजित करवाना धर्मेंद्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। स्वर्गीय धर्मेंद्र ने लोगों की भलाई करने में हमेशा ख़ुद को सबसे आगे रखा इसलिए सभी लोग उन्हें दिल से चाहते थे।

संगीतमय संध्या के विशिष्ट अतिथि बीकानेर के वरिष्ठ संगीत कला प्रेमी भारत प्रकाश श्रीमाली उर्फ भायासा, वरिष्ठ गायक कलाकार डॉ. हिमांशु दाधीच, केंद्रीय जीएसटी के पूर्व कमिश्नर राजीव मित्तल एवं गायक कलाकार सुरेश मदान ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से हिंदी सिनेमा जगत को बहुत बड़ी हानि हुई है जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है।
कार्यक्रम समन्वयक क़ासिम बीकानेरी ने बताया कि इस संगीतमय संध्या में नगर के प्रसिद्ध गायक कलाकारों डॉ.हिमांशु दाधीच, राजीव मित्तल, अनवर अली, नौशाद अली, हैदर अली, शेख मुनव्वर हुसैन, शैलेंद्र चौहान, भैरू रतन चांवरिया, सलमान खान, रवि चौहान, कुमार महेश किराडू, एम रफ़ीक़ क़ादरी, दीपक पारीक, सिराजुद्दीन खोखर, इम्तियाज अली ‘पप्पू’, अकबर अली, राम किशोर यादव, राधा किशोर, केशव पारीक तथा महबूब इमरान स्वर्गीय धर्मेंद्र पर फिल्माए गए एक से बढ़कर एक नग़्मे पेश करके उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों, संस्था पदाधिकारियों एवं आगंतुकों ने स्वर्गीय धर्मेंद्र के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का बेहतरीन संचालन क़ासिम बीकानेरी ने किया।

 

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor