Explore

Search

Thursday, April 30, 2026, 5:48 pm

Thursday, April 30, 2026, 5:48 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

जोधपुर ने ऑप्टिमस अचीवर्स को व राजस्थान पोलो क्लब ने नेवी पोलो सेन्ट्रल एकेडमी को हराते हुए किया फाइनल में प्रवेश

26वां जोधपुर पोलो-2025 : महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप (8 गोल) टूर्नामेंट सेमीफाइनल
शिव वर्मा. जोधपुर
जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के तत्वावधान में महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउण्डेशन पोलो मैदान, लेफ्टिनेंट जनरल पीवीएसएम, एवीएम एच.एच. महाराजा उम्मेदसिंह एयरपोर्ट रोड़, पाबूपुरा में चल रहे 26वें जोधपुर पोलो सीजन 2025 मेेें शुक्रवार 16 जनवरी को महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप (8 गोल) टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच खेले गये। पहला सेमीफाइनल दोपहर 2.00 बजे जोधपुर और ऑप्टिमस अचीवर्स के बीच खेला गया जिसमें जोधपुर ने चार के मुकाबले पांच गोल कर एक गोल के अन्तर से फाइनल में प्रवेश कर लिया। वही टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल नेवी पोलो सेन्ट्रल एकेडमी और राजस्थान पोलो क्लब के बीच दोपहर 3.00 बजे खेला गया। अन्तिम चक्कर समान स्कोर तक पांच-पांच गोल होने के कारण पांचवें चक्कर में गोल्डन गोल कर राजस्थान पोलो क्लब ने भी फाइनल में जगह बना ली।
जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के मानद सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि पहले सेमीफाइनल में ऑप्टिमस अचीवर्स की ओर से खेलते हुए टीम के चार हैण्डीकेप खिलाड़ी सैय्यद शमशेर अली ने पहले चक्कर में एक गोल व छह हैण्डीकेप खिलाड़ी अलेजो आर्मबुरू ने तीसरे चक्कर में दो व चौथे चक्कर में एक गोल किया। मुकाबले में जोधपुर टीम की ओर से चार हैण्डीकेप खिलाड़ी जरार्डों मजीनी ने पहले, दूसरे व तीसरे चक्कर में एक गोल किया। दो हैण्डीकेप खिलाड़ी ध्रुवपाल गोदारा व दो हैण्डीकेप के ही सलीम आजमी ने दूसरे चक्कर में एक-एक गोल किया।
उन्होंने बताया कि दूसरे सेमीफाइनल में नेवी पोलो सेन्ट्रल एकेडमी टीम की ओर से तीन हैण्डीकेप खिलाड़ी सैय्यद हूर अली ने पहले व तीसरे चक्कर में एक-एक गोल, चार हैण्डीकेप खिलाड़ी डेनियल ओटामेंडी ने तीसरे चक्कर में दो गोल व धनन्जयसिंह राठौड़ ने चौथे चक्कर में एक गोल किया। मुकाबले में राजस्थान पोलो क्लब की ओर से खेलते हुए टीम के डीनो धनकड़ ने दूसरे चक्कर में एक गोल, दो हैण्डीकेप खिलाड़ी अंगद कलान ने तीसरे व चौथे चक्कर में एक-एक गोल व रंषय पुरोहित ने चौथे चक्कर में दो गोल किए। अन्तिम चक्कर तक समान स्कोर पांच-पांच गोल होने के कारण पांचवे अतिरिक्त चक्कर का खेल खेला गया जिसमें राजस्थान पोलो क्लब के चार हैण्डीकेप खिलाड़ी लांस वाटसन ने गोल्डन गोल कर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। दोनों ही मैचों के अम्पायर अर्जेन्टीना के निकोलस स्कोर्टीचीनी व उदय कलान थे, पहले मैच के रैफरी रंषय पुरोहित व दूसरे मैच के अलेजो आर्मबुरू रहे। मैच की कॉमेन्ट्री राजवी शैलेन्द्र सिंह व सिद्धार्थ सिंह रोहिट ने संयुक्त रूप से की।

शनिवार 17 जनवरी खेला जायेगा टूर्नामेंट का फाइनल-

शनिवार 17 जनवरी को महाराजा ऑफ जोधपुर गोल्डन जुबली कप (8 गोल) टूर्नामेंट का फाइनल जोधपुर व राजस्थान पोलो क्लब टीमों के बीच दोपहर 3.00 बजे खेला जायेगा। इस फाइनल के साथ ही 26वें जोधपुर पोलो सीजन 2025 का समापन भी हो जायेगा।
Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor