Explore

Search

Thursday, April 30, 2026, 5:47 pm

Thursday, April 30, 2026, 5:47 pm

LATEST NEWS
Lifestyle

जोधपुर मंडल को महाप्रबंधक की संपूर्ण कार्यकुशलता शील्ड, उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में रहा सिरमौर

-सर्वाधिक 8 शील्ड लेकर जोधपुर ने बाजी मारी
-चौदह अधिकारियों और कर्मचारियों को मिला महाप्रबंधक स्तर पर पुरस्कार

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन एवं समग्र उपलब्धियों के लिए महाप्रबंधक की संपूर्ण कार्यकुशलता शील्ड प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। इसके साथ ही जोधपुर मंडल ने कुल आठ शील्ड प्राप्त कर उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में सर्वाधिक शील्ड हासिल करने वाला मंडल बनकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

जयपुर स्थित रेलवे ऑफिसर्स क्लब, जगतपुरा में शुक्रवार को आयोजित 70वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह–2025 में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ द्वारा यह शील्ड प्रदान की गई। इस अवसर पर जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में मंडल के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वर्ष 2025 में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय रेल सेवाओं के लिए जोधपुर मंडल के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक स्तर पर विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

जोधपुर मंडल को प्राप्त शील्डें

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी की उपस्थिति में विभिन्न विभागों की शील्ड संबंधित शाखाधिकारियों द्वारा प्राप्त की गई जिसमें वाणिज्य शील्ड वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, सर्वश्रेष्ठ गति शक्ति यूनिट शील्ड मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार एवं उप मुख्य अभियंता (गति शक्ति) प्रवेन्द्र सिंह, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शील्ड वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य एवं कर्षण) नीतीश कुमार, मुकेश कुमार एवं वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) मनोहर सिंह, यांत्रिक (कैरिज एवं वैगन) शील्ड वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता मेजर अमित स्वामी, सिग्नल एवं टेलीकॉम शील्ड मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता अनुपम कुमार व पर्यावरण एवं स्वच्छता शील्ड जोधपुर वर्कशॉप के मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा ने प्राप्त की।

शील्ड एवं व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त कर जोधपुर लौटने पर शनिवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया जाएगा।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, समारोह में नई दिल्ली में आयोजित 70वें राष्ट्रीय अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह-2025 में पुरस्कृत उत्तर पश्चिम रेलवे के 05 रेलकर्मियों का अभिनंदन भी किया गया। साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदत्त गोविंद बल्लभ पंत शील्ड, वैगन मेंटेनेंस शील्ड एवं रनिंग रूम शील्ड का मंच पर प्रदर्शन किया गया। इस वर्ष जोधपुर मंडल को संपूर्ण कार्यकुशलता शील्ड तथा अजमेर मंडल को रनर-अप शील्ड प्रदान की गई। समारोह में सर्वप्रथम प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। महाप्रबंधक अमिताभ ने अपने संबोधन में सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए वर्ष 2026 के लिए “52 सप्ताह-52 सुधार” अभियान के अंतर्गत ग्राहक सेवा, रख-रखाव, गुणवत्ता प्रबंधन, उत्पादन एवं परिचालन क्षेत्रों में सतत सुधार पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजु, ट्रेड यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

कुल 21 दक्षता शील्ड से अधिकारी व 54 कर्मचारी हुए सम्मानित

समारोह में महाप्रबंधक अमिताभ द्वारा उत्तर पश्चिम रेलवे के 54 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कार तथा विभिन्न मंडलों एवं यूनिटों को 21 उत्कृष्टता शील्ड प्रदान की गईं।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor