सीए अनिल के जैन ने कहा कि बड़े-बड़े घराने जिन्होंने वित्तीय सुरक्षा को महत्व नहीं दिया कालांतर में सड़क पर आ गए और आज उनका कोई नाम लेने वाला नहीं है। उन्होंने वित्तीय निवेश, बचत, इनवेस्टमेंट के तरीके और वसीयत सहित कई मुद्दों पर अपनी राय बेबाकी से रखी…। उन्हें सुनने के लिए डॉ. मदन सावित्री डागा साहित्यिक भवन खचाखच भरा हुआ था।
-कार्यक्रम में श्रीमती अनिता मेहता को राइजिंग भास्कर का शिक्षा के क्षेत्र में ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। उनका माल्यार्पण कर और नियुक्ति पत्र भेंट कर स्वागत किया गया।
-इसी तरह कौशल्या अग्रवाल को समाजसेवा और मानव सेवा क्षेत्र में ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। उनका माल्यार्पण कर और नियुक्ति पत्र भेंट कर स्वागत किया गया।
पंकज जांगिड़. फोटो वर्मा फोटो स्टूडियो. जोधपुर
श्री जागृति संस्थान की ओर से शनिवार को डॉ. मदन सावित्री डागा साहित्यिक भवन में “परिवार में वित्तीय सुरक्षा” पर वरिष्ठ चार्टर्ड अकांटेंट और BHARAT-the Development dilemma के लेखक अनिल के. जैन का व्याख्यान आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी पवन जोशी थे। अध्यक्षता बैंक सेवा से रिटायर्ड वरिष्ठ साहित्यकार श्याम गुप्ता शान्त ने की। कार्यक्रम के प्रायोजक राना इन्फ्रा प्रॉ. लि. थे। श्री जागृति संस्थान के अध्यक्ष के रूप में राजेश भैरवानी मंच पर आसीन थे।
कार्यक्रम के आरंभ में राखी पुरोहित ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का स्वागत चंद्रशेखर अरोड़ा, भीमराज सैन, इंद्रराज शर्मा, हर्षदसिंह भाटी, दिलीप कुमार पुरोहित ने किया। आरंभ में श्री जागृति संस्थान के सचिव हर्षद सिंह भाटी ने अतिथियों की अगुवानी की। मुख्य वक्ता अनिल के. जैन ने कहा कि परिवार में वित्तीय सुरक्षा स्थापित करना जीवन की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। इसका अर्थ केवल पैसा कमाना ही नहीं, बल्कि भविष्य के लिए ऐसी मजबूत आर्थिक व्यवस्था बनाना है, जिससे किसी भी संकट में परिवार प्रभावित न हो। इसका पहला आधार है- नियमित बचत जो अप्रत्याशित खर्चों से सुरक्षा देती है। उन्होंने बैंक जमा, बीमा योजनाएं, म्यूचुअल फंड, सोना या रियल एस्टेट आदि में उचित निवेश करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समझदारी से किए गए निवेश लंबे समय में परिवार को आर्थिक मजबूती देते हैं। जैन ने कहा कि वसीयत भी वित्तीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण तत्व है। वसीयत वह कानूनी दस्तावेज है, जिसमें व्यक्ति अपनी संपत्ति, धन और जिम्मेदारियों के वितरण का स्पष्ट उल्लेख करता है। ऐसे कई बिंदुओं पर आधारित अनिल के. जैन ने अपनी बात रखी।
आज की बचत ही कल की वित्तीय सुरक्षा है : पवन जोशी
समाजसेवी पवन जोशी ने कहा कि आज की बचत ही कल की सुरक्षा है। जीवन में बचत बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीए अनिल के जैन साहब का कहना सही है अगर हम उचित बचत नहीं करेंगे तो हमारी संपत्ति खत्म होने में समय नहीं लगेगा। बड़े से बड़े घराने बचत नहीं करने की वजह से सड़क पर आ गए। इसलिए समय के साथ चलना जरूरी है और परिवार में वित्तीय सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। जोशी ने कहा कि वसीयत जैसे मुद्दे पर अनिल जैन के जैन के सुझाव सार्थक है।
परिवार में वित्तीय सुरक्षा से ही समृद्धि संभव : श्याम गुप्ता शान्त
बैंक सेवा से रिटायर्ड और वरिष्ठ साहित्यकार श्याम गुप्ता शान्त ने कहा कि परिवार में वित्तीय सुरक्षा से ही समृद्धि संभव है। वित्तीय सुरक्षा अपने आप में वृहद विषय है। किसमें कितना निवेश करना चाहिए, यह समझदारी दशार्ता है। जो जितनी समझदारी से निवेश करता है वही जीवन में सफल होता है। कार्यक्रम में राजेश भार्गव, आरएन चौधरी, हंसराज बारासा, स्नेहलता जांगिड़, अनिता जांगिड़, एडवोकेट विजय शर्मा, हरीश देवनानी, अनिता मेहता, ओमप्रकाश वर्मा, कौशल्या अग्रवाल, पंकज बिंदास, संतुसिंह मेड़तिया, जुगलकिशोर माहेश्वरी, इंद्रराज शर्मा, रमेश झामनानी, सोहन मेड़तिया आदि मौजूद थे। श्री जागृति संस्थान के अध्यक्ष राजेश भैरवानी ने आभार व्यक्त किया। संचालन राजेंद्र खिंवसरा ने किया।
श्रीमती अनिता मेहता को शिक्षा और कौशल्या अग्रवाल को समाज सेवा व मानव सेवा का ब्रांड एंबेसडर बनाया
जोधपुर। राइजिंग भास्कर का श्रीमती अनिता मेहता को शिक्षा और कौशल्या अग्रवाल को समाज सेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। इस मौके पर दोनों को ही राइजिंग भास्कर की एडिटर इन चीफ राखी पुरोहित ने माल्यार्पण कर स्वागत किया और अतिथियों ने दोनों को नियुक्ति पत्र भेंट किया।











