राखी पुरोहित. जोधपुर
व्यापार, उद्योग और नीति निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहीं डॉ. स्मिता शाह जो वर्तमान में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार की बोर्ड सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं, को फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल का मानद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रमुख नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति डॉ. स्मिता शाह द्वारा व्यापारियों के हितों, उद्यमिता के प्रोत्साहन तथा संगठनात्मक विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय योगदान को ध्यान में रखते हुए की गई है। नियुक्ति पत्र में संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ. स्मिता शाह के नेतृत्व, अनुभव और नीति संबंधी समझ से देशभर में व्यापार मंडल की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। अपने नए दायित्व के अंतर्गत वे पूरे भारत में रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगी, राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों और बैठकों में संगठन का प्रतिनिधित्व करेंगी तथा सदस्यता विस्तार और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेंगी। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री सुशील पोद्दार एवं मानद महासचिव श्री आर. के. गौर ने डॉ. स्मिता शाह की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व से देशभर के व्यापारी समुदाय को व्यापक लाभ मिलेगा।









