उम्मेद राजकीय स्टेडियम में भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी
शिव वर्मा. जोधपुर
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। जिला प्रशासन द्वारा समारोह की सभी व्यवस्थाओं की सूक्ष्मता से समीक्षा करते हुए कार्यक्रम के प्रत्येक घटक का क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया, ताकि आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसके पश्चात वे परेड की सलामी ग्रहण करेंगे तथा विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट का निरीक्षण करेंगे। परेड में फर्स्ट आरएसी, पुलिस कमिश्नरेट, पुलिस कमिश्नरेट महिला, पुलिस कमिश्नरेट कलिका, होमगार्ड पुरुष एवं महिला, स्काउट, एनसीसी तथा गाइड की टुकड़ियां सहभागिता करेंगी। इस अवसर पर पुलिस बैंड एवं राजमाता कृष्णा कुमारी बालिका विद्यालय बैंड द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत मधुर धुनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ओम सिंह राजपुरोहित एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कमल व्यास के नेतृत्व में विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम, लेजियम, डबल्स एवं सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि का संबोधन, उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशंसा पत्रों का वितरण तथा माननीय राज्यपाल महोदय के संदेश का वाचन भी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित करती विभागीय झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस राष्ट्रीय पर्व को गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ मनाएं।








