Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 6:30 am

Sunday, August 23, 2026, 6:30 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

हस्तशिल्प और स्वाद का संगम बना अमृता हाट

हुनर से स्वावलंबन तक, अमृता हाट में महिलाओं की चमक

शिव वर्मा. जोधपुर

प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में कार्यरत महिला स्वयं सहायता समूहों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनके उत्पादों की बिक्री एवं मार्केटिंग को विभागीय स्तर पर समुचित समर्थन प्रदान करने के उद्देश्य से जोधपुर संभागीय स्तरीय दशम अमृता हाट का आयोजन दिनांक 01 फरवरी से 07 फरवरी 2026 तक अरबन हाट परिसर, पाली रोड, जोधपुर में किया जा रहा है। अमृता हाट में लगातार बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति दर्ज की जा रही है।

उपनिदेशक महिला अधिकारिता फरसाराम विश्नोई ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए अमृता हाट में राज्य के विभिन्न जिलों से आए महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की 80 से अधिक स्टॉल्स लगाई गई हैं।

अमृता हाट में प्रतिदिन एक व्यक्ति द्वारा न्यूनतम ₹500 की खरीदारी पर लक्की ड्रॉ की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रतिदिन ड्रॉ के माध्यम से तीन लक्की विजेताओं को क्रमशः ₹500, ₹300 एवं ₹200 की निःशुल्क खरीददारी विभाग द्वारा करवाई जाएगी। मेले के तीसरे दिन ₹3,57,000/- मूल्य के उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई।

मेले के दौरान ब्लॉक सेखाला एवं बालेसर की साथिनों का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें अमृता हाट का भ्रमण करवाया गया।

अमृता हाट में विभागीय महिला स्वयं सहायता समूहों, उद्योग विभाग, राजीविका, एनयूएलएम द्वारा गठित महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला आर्टिजन द्वारा निर्मित विविध हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें लाख की चूड़ियां, मोजड़ी, पेपरमेशी, आर्टिफिशियल फ्लावर्स, टेराकोटा, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, ऊनी एवं सूती रेडीमेड गारमेंट्स, कशीदाकारी, चिकनकारी, जरी, पैचवर्क, कांच जड़ाई, वुडन क्राफ्ट, मार्बल की कलात्मक वस्तुएं, बंधेज, लहरियां, मोतड़ा, कोटा डोरिया की साड़ियां, सलवार सूट, रोहट/सालावास की दरियां व चद्दरें, बाड़मेर की अजरख प्रिंट चद्दरें, गुजराती सामान, देवी-देवताओं की पोशाकें तथा सोजत की मेहंदी शामिल हैं। खाद्य उत्पादों में अंथाना की मिर्ची का अचार, मुरब्बा, मसाले, पापड़-मंगोड़ी एवं सूखी सब्जियां उपलब्ध हैं। सभी उत्पाद उचित मूल्य पर, पर्याप्त मात्रा एवं विभिन्न वैरायटी में बिक्री हेतु उपलब्ध हैं।

आज शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों व स्टॉफ का भ्रमण

दिनांक 04 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जोधपुर, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर, एमबीएम विश्वविद्यालय जोधपुर, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर, सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय जोधपुर, सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर तथा कॉलेज शिक्षा विभाग जोधपुर के विद्यार्थियों एवं स्टॉफ द्वारा अमृता हाट का भ्रमण किया जाएगा।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor