Explore

Search

Sunday, April 19, 2026, 5:08 am

Sunday, April 19, 2026, 5:08 am

LATEST NEWS
Lifestyle

वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ पर बवाल : निर्माता और अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज

केडी इसरानी. स्वतंत्र पत्रकार. जयपुर

अभिनेता मनोज बाजपेयी की आने वाली वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। सीरीज के नाम को लेकर जयपुर में धरोहर बचाओ समिति और ब्राह्मण समाज ने कड़ा विरोध जताते हुए कोतवाली थाने में निर्माता नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी के खिलाफ परिवाद दिया है। आरोप है कि वेब सीरीज में एक विशेष समाज को जानबूझकर भ्रष्ट और नकारात्मक रूप में चित्रित किया गया है, जिससे धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।

वेब सीरीज के नाम पर बवाल:

धरोहर बचाओ समिति के संयोजक भरत शर्मा ने बताया कि ‘पंडित’ जैसे सम्मानजनक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े उपनाम को ‘घूसखोर’ जैसे शब्द के साथ जोड़ना न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि ये पूरे समाज को बदनाम करने वाला कृत्य है। उनका आरोप है कि ये रचनात्मक स्वतंत्रता की आड़ में सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। ऐसे में निर्माता नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया गया है। कोतवाली थाने में दर्ज परिवाद में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, समाज विशेष का अपमान करने और जानबूझकर विवादास्पद नामकरण जैसे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने परिवाद लिया है और जांच के बाद एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।

कार्रवाई की उठाई मांग:

वहीं, इनफ्लुएंसर रिद्धिमा शर्मा ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए वेब सीरीज का नाम बदलने और वेब सीरीज के निर्माता और अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी समाज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल बेहद जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी वेब सीरीज समाज में नकारात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। वहीं, कोतवाली थाना अधिकारी राजेश गौतम ने बताया है कि इस मामले को लेकर परिवाद मिला है। उत्तर प्रदेश में इसी मामले पर पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है। परिवाद में निर्माता नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरूचा, श्रद्धा दास, दिव्या दत्ता, अक्षय ओबेरॉय, किकू शारदा, प्रियंका बजाज, साकिब सलीम जैसे अभिनेताओं और लेखक रितेश शाह का भी नाम शामिल किया गया है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor