शिव वर्मा. जोधपुर
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। इस पत्र में गहलोत ने कहा कि मंडोर स्थित शिवराम नत्थूजी टाक जिला अस्पताल की विजिट की थी। गहलोत ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि करोड़ों का बजट खर्च होने के बाद भी न तो पर्याप्त चिकित्सक नियुक्त है और न ही नर्सिंग और तकनीकी स्टाफ की व्यवस्था की गई। इससे स्पष्ट है कि सरकार की दृष्टि में स्वास्थ्य हाशिए पर चला गया है।
गहलोत ने लिखा कि उपरोक्त अस्पताल का भवन भी पूर्ण हो चुका है। अस्पताल संचालन हेतु उपकरण भी पर्याप्त स्टाफ नहीं होने की वजह से अनुपयोगी पड़े हैं। आधुनिक अस्पताल भवन होने के बावजूद यह अस्पताल आमजन के लिए उपयोगी सिद्ध नहीं हो रहा है। मंडोर क्षेत्र की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है। मगर दुर्भाग्य से इस आबादी को निजी अस्पतालों की ओर जाना पड़ रहा है। गहलोत ने मांग की कि उपरोक्त अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति जाए ताकि आम पब्लिक को इसका लाभ मिल सके।








