राजस्थान के अलावा पंजाब, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, केरल, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू सहित विभिन्न राज्यों से पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रान्तीय स्तर के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे।
दिलीप कुमार पुरोहित. राखी पुरोहित. जोधपुर
9783414079 diliprakhai@gmail.com
भारत की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (यूनाइटेड) का राष्ट्रीय कन्वेन्शन 23 से 24 फरवरी 2026 को सूर्यनगरी जोधपुर में आयोजित होगा। इस कन्वेन्शन में राजस्थान के अलावा पंजाब, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, केरल, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू सहित विभिन्न राज्यों से पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रान्तीय स्तर के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। कन्वेन्शन का उद्घाटन 23 फरवरी को होगा, जबकि समापन 24 फरवरी को होगा।
इस राष्ट्रीय कन्वेन्शन में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर विचार विमर्श होगा तथा क्रांतिकारी आंदोलन के विकास हेतु अनेक निर्णय किए जाएंगे। मेहनतकश जनता, मजदूरों-किसानों-विद्यार्थियों- नौजवानों- महिलाओं सहित समाज के कमजोर पिछड़े हिस्सों की समस्याओं पर आन्दोलनकारी निर्णय लिये जाएंगे। पूंजीवादी-सामंती व्यवस्था के दमन चक्र से मुक्ति की दिशा में अनेक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। देश के विभिन्न प्रांतों से 300 से अधिक प्रतिनिधि कन्वेन्शन में शामिल होंगे जिसे देशभर के ख्यातनाम क्रांतिकारी नेता संबोधित करेंगे। कन्वेन्शन में राजनैतिक प्रस्ताव तथा पार्टी कार्यक्रम को अपडेट करने संबंधी प्रस्तावों पर भी विस्तृत चर्चा होगी और प्रस्ताव पारित किये जायेंगे।
केंद्र व राज्य सरकारें किसी भी राष्ट्रीय समरूा हल करने में अक्षम रहीं : गोपीकिशन
प्रांतीय सचिव एवं पोलित ब्यूरो सदस्य एमसीपीआई. (यू) कॉमरेड गोपीकिशन ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकारें किसी भी राष्ट्रीय समस्या को हल करने में अक्षम सिद्ध हुई है। वह न तो उद्योगों के निरंतर बंद होते जाने और मजदूर वर्ग के पुनर्वास की समस्या का कोई हल खोज पाई है, और न ही किसानों को लाभकारी कृषि योजनाओं की गारंटी दे पाई है। थोथी घोषणाओं के अलावा उनके पास कुछ भी नहीं है। मध्यम और निम्न वर्ग के शिक्षित युवाओं में बेरोजगारी भयानक रूप से फैल चुकी है। सार्वजनिक उद्योगों व सरकारी सेवा क्षेत्रों का निजीकरण करके कुछ पूंजीपतियों को भारी मुनाफे बटोरने की सुविधा तो दी जा सकती है, लेकिन इससे न तो रोजगार की समस्या हल हो सकती है और न ही सेवाओं की गुणवत्ता बढाकर उनका विस्तार ही किया जा सकता है। केन्द्र सरकार पूंजीपति वर्ग के हित में निरंतर कार्य करते हुए श्रमजीवी वर्ग के हितों को अनदेखा कर रही है। इसका ज्वलंत उदाहरण सरकार द्वारा श्रमिक विरोधी श्रमिक कोड का पारित करना है, जिससे श्रमजीवी वर्ग के अधिकारों पर चंद पूंजीपति वर्ग को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया कृत्य है। सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों का निजीकरण कर उन्हें काॅर्पोरेट जगत के हाथों में सौंपा जा रहा है। यह देश की कीमत पर काॅर्पोरेट जगत की सेवा का अनुपम उदाहरण है। यही नहीं, विदेशी पूंजीपतियों को भी इसमें बड़ी भागीदारी दी जा रही है। शिक्षा व चिकित्सा का निजीकरण कर उसे जनसाधारण की पहुंच से बाहर किया जा रहा है। रोजमर्रा की जीवनोपयोगी वस्तुएं जिसमें खाद्यान्न सामग्री शामिल है, निरंतर महंगी होती जा रही है। महंगाई आम लोगों की दाल-रोटी, साग-सब्जी, चाय-पानी तक छीन रही है। केन्द्र व राज्य सरकार के पास न तो महंगाई को रोकने की योजना है और न ही बेरोजगारी की। केन्द्र व उसकी राज्य सरकार के शासन में साम्प्रदायिक शक्तियां अपने पांव पसार रही है। इसी के चलते देश में धर्म की आड़ में साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का कार्य किया जा रहा है, जो निश्चित रूप से चिंता का विषय है।
राष्ट्रीय कन्वेन्शन अनेक मुद्दों पर निर्णय करेगा
गोपीकिशन ने कहा कि पार्टी का यह राष्ट्रीय कन्वेन्शन इन सारे मसलों सहित अनेक मुद्दों पर निर्णय करेगा और अपनी कार्यवाही निश्चित कर देश में जुझारू वामपंथी एकता को प्रभावी बनाने के लिये भी उचित निर्णय करेगा। सूर्यनगरी जोधपुर में यह कन्वेन्शन ऐतिहासिक होगा और पार्टी के विकास एवं जनसंगठनों में मील का पत्थर साबित होगा। इस कन्वेन्शन में शहर के प्रगतिशील मेहनतकश जनता की भागीदारी आवश्यक है। कन्वेन्शन के सफल आयोजन के लिये एमसीपीआईयू तथा एआईसीटीयू से संबंधित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं अन्य समान विचारधाराओं के संगठनों के पदाधिकारियों की आयोजन समिति का गठन किया गया है। प्रो. गंगाराम जाखड़ अध्यक्ष व काॅ. बृजकिशोर महासचिव, नदीम खान व दयालराम गुर्जर संयुक्त सचिव, किशोर व्यास उपाध्यक्ष, वहीदुदीन, हबीबुर्रहमान, दिलीपसिंह खारिया सहित कुल 30 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है। कन्वेन्शन की तैयारियां उत्साह के साथ आरंभ कर दी गई है तथा कन्वेन्शन में शिरकत करने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा प्रतिनिधियों को मान-सम्मान देने हेतु स्वागत की तैयारियां भी की जा रही है।
कन्वेंशन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया
पार्टी के राज्य सचिव मण्डल की बैठक में कन्वेन्शन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। बरकतुल्लाह खान स्टेडियम के सामने मसूरिया स्थित मेघवाल छात्रावास, में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कन्वेन्शन का विधिवत् उद्घाटन दिनांक 23 फरवरी को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव करेंगे। कन्वेन्शन का समापन दिनांक 24 फरवरी को होगा। राज्य सचिव मण्डल की बैठक में कन्वेन्शन स्थल का नामकरण शहीद भगतसिंह नगर रखने का निर्णय लिया गया, जबकि प्रतिनिधियों के ठहरने के स्थल को राजस्थान में वामपंथी पार्टी के संस्थापकों में से एक रहे व ख्यातनाम ट्रेड यूनियन नेता काॅ. मोहन पुनमिया के नाम से नामकरण किया जायेगा।



