Explore

Search

Thursday, March 12, 2026, 10:17 am

Thursday, March 12, 2026, 10:17 am

LATEST NEWS
Lifestyle

भामाशाह- महाराणा प्रताप की भूमि मर्यादा और राष्ट्र की अस्मिता को कम नहीं होने देगी : डॉ. काबरा

एकल श्री हरि : जोधपुर संभाग के अध्यक्ष पद पर डॉ. रामानंद काबरा मनोनीत

राखी पुरोहित. जोधपुर 

भारत माता के सांस्कृतिक, सामाजिक उत्थान, समरसता, शिक्षा विस्तार एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित संगठन एकल श्री हरि के जोधपुर संभाग के अध्यक्ष पद पर डॉ. रामानंद काबरा को मनोनीत किया गया है। यह घोषणा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश मित्तल ने जोधपुर चैप्टर के भव्य शुभारम्भ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपने उद्बोधन के दौरान की।

“भारत माँ को आज भी अपने सपूतों की आवश्यकता है”

राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश मित्तल ने कहा कि भारत माँ को आज भी ऐसे समर्पित सपूतों की आवश्यकता है, जो निस्वार्थ भाव से सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक समरसता और सनातन परंपरा की रक्षा हेतु आगे आएँ तथा वंचित एवं जरूरतमंद भाई-बहनों के जीवन में आशा का संचार करें। उन्होंने बताया कि एकल अभियान वर्षों से देश के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक जागरण का कार्य कर रहा है और शीघ्र ही गाँव-गाँव अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराएगा। उन्होंने वर्तमान चुनौतियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि धर्मांतरण, नक्सलवाद, पश्चिमी अंधानुकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों की कमी जैसी परिस्थितियों के बीच हमें अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं उत्थान के लिए संगठित प्रयास करने होंगे।

गाँव जागेगा तो भारत जागेगा”

विशिष्ट अतिथि विश्वनाथ सिंघानिया ने कहा कि एकल श्री हरि कोई साधारण संगठन नहीं, बल्कि ईश्वरीय प्रेरणा से संचालित वह अभियान है जो देश के गाँव-गाँव में शिक्षा, संस्कार, धर्म और संस्कृति की चेतना के दीप प्रज्वलित कर रहा है। कार्यक्रम संयोजक वेद पिती ने अपने संबोधन में कहा,“गाँव जागेगा तो भारत जागेगा, और संस्कार लौटेंगे तो भारत मुस्कुराएगा। हमें अपने भावी कल की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लेना होगा।” समारोह की अध्यक्षता कर रहे डॉ. धीरज पारीक ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हम चेतना और ज्योति के पुंज हैं—हमें केवल एक दिशा और एक चिंगारी की आवश्यकता है। विवेक के साथ आगे बढ़कर हम भारत माँ के वैभव को पुनः प्रतिष्ठित कर सकते हैं।

नवमनोनीत अध्यक्ष डॉ. काबरा का संकल्प

नवमनोनीत अध्यक्ष डॉ. रामानंद काबरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भामाशाह और महाराणा प्रताप की यह पवित्र भूमि अपने इतिहास और गौरव को भलीभांति जानती है। “हम इस भूमि की मर्यादा और राष्ट्र की अस्मिता को कभी कम नहीं होने देंगे। संस्था के उद्देश्यों और भारत माँ की मिट्टी के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।”
उन्होंने संगठनात्मक विस्तार की घोषणा करते हुए वासु राठी को महामंत्री, डॉ. धीरज पारीक को वरिष्ठ दायित्व, सूर्यप्रकाश लढ़ा (सोजत रोड) को उपाध्यक्ष, अनिल सिंघल को कोषाध्यक्ष तथा चिराग लढ़ा को संयुक्त मंत्री घोषित किया। शेष कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी।

शिक्षा, संस्कार और समरसता की ओर एक कदम

भव्य शुभारम्भ समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि जब समाज संगठित होकर संस्कृति, शिक्षा और समरसता के लिए संकल्पित होता है, तब परिवर्तन अवश्यंभावी होता है। एकल श्री हरि का जोधपुर संभाग अब शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना के प्रसार की दिशा में संगठित रूप से कार्य करेगा—इसी विश्वास और संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor