एमसीपीआई (यू) का राष्ट्रीय कन्वेन्शन आरंभ, वक्ताओं ने वैश्विक खुशहाली के लिये समाजवाद को ही एकमात्र विकल्प बताया
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
भारत की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (यूनाइटेड) का राष्ट्रीय कन्चेन्शन मेघवाल छात्रावास मसूरिया में आरंभ हुआ। सर्वप्रथम उद्घाटन व झण्डारोहण की रस्म अदायगी पश्चात उद्घाटन सत्र को कॉ० कुलदीप सिंह, कॉ० अशोक, कॉ० प्रेमसिंह भंगू, कॉ० गोपीकिशन, कॉ० विजय चौधरी, कॉ० बृजकिशोर, रामपाल सैनी, कॉ० किरणजीतसिंह सहित विभिन्न प्रांतो से आये पदाधिकारियों ने सम्बोधित किया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक तरफ अमेरिकी साम्राज्यवाद और उसके यूरोपीय सहयोगियों और दूसरी तरफ चीन और उसके सहयोगियों के बीच बढ़ते ट्रेड और टैरिफ वॉर की वजह से अंतर्राष्ट्रीय हालात खतरनाक और कमजोर होते जा रहे हैं। नस्लीय समस्याएँ भी दुनिया को परेशान कर रही हैं, वह भी अमेरिका और पश्चिमी यूरोपीय देशों जैसे तथाकथित विकसित देशों में। भाजपा नीत एनडीए सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद देश की आर्थिक स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। बेरोज़गारी, गरीबी और भुखमरी की समस्याएं अर्थव्यवस्था की हमेशा रहने वाली बात बन गई हैं। जरूरी चीजों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों, खासकर गरीब लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है, जिससे उनके गुज़ारे पर भी खतरा पैदा हो गया है, जिसकी वजह से आत्महत्या के मामले बढ़ रहे हैं।
गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों की समस्याओं को हल करने के बजाय, भाजपा नीत एनडीए सरकार साम्प्रदायिक एजेण्डे को आगे बढाकर धर्म के आधार पर लोगों के बाट रही है। केंद्र सरकार और उसकी सहयोगी राज्य सरकारों ने मजदूरों और किसानों की असली मांगों को भी दबाने का रास्ता अपनाया है। वक्ताओं ने कहा कि इन परिस्थितियों में केवल वामपंथी और लोकतांत्रिक पार्टियां ही एक विकल्प दे सकती है। उन्होंने सभी वामपंथी व लोकतांत्रिक पार्टियों से साथ आने की अपील की। पूरी दुनियां की खुशहाली के लिये समाजवाद ही एकमात्र विकल्प है।
इससे पूर्व स्वागत एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो० जाखड़ ने स्वागत भाषण में कहा कि जोधपुर संभाग की जनता ने स्वाधीनता संग्राम एवं मजदूर, किसान, नौजवान एवं कर्मचारी वर्ग के संघर्षों में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश के हजारों कारखाने बंद हो जाने से औद्योगिक क्षेत्र में नौकरियां लगातार कम हुई है। उन्होंने कहा कि पूरा देश बेरोजगारी व कमरतोड़ महंगाई से जूझ रहा है, अतः मेहनतकश जनता को संकट से उबारने के लिये आज रास्ता निकालना अत्यन्त आवश्यक हो गया है। कन्वेन्शन को स्वागत समिति के महासचिव कॉ० बृजकिशोर, उपाध्यक्ष किशोर व्यास आदि ने भी सम्बोधित कर अतिथियों का स्वागत किया। कन्वेन्शन के उद्घाटन व झण्डारोहण की रस्म के साथ शहीद वेदी पर गगनभेदी नारों के बीच श्रृद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कन्वेन्शन स्थल को लाल झण्डों व बैनरों से सजाया गया। विभिन्न जन संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा मंच पर बैठे अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनन्दन किया गया।









