केडी इसरानी. स्वतंत्र पत्रकार. बाड़मेर
भारत सरकार गृह मंत्रालय के अंतर्गत एनडीआरएफ से संबद्ध भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद, नई दिल्ली की ओर से पसारा एक्ट 2005 के नियमों के तहत बाड़मेर जिले में पंचायत समिति स्तर पर सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं सुरक्षा अधिकारी भर्ती चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह भर्ती कार्यक्रम ग्रामीण एवं शहरी शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है।
कमांडेंट महिपाल सिंह ने बताया कि भर्ती शिविर पंचायत समिति स्तर पर निर्धारित तिथियों में आयोजित होंगे। इसके तहत 16 फरवरी को गडरारोड़, 17 को सेड़वा, 18 को चौहटन, 19 को फागलिया, 20 को धनाऊ, 23 को आडेल, 24 को बायतु, 25 को रामसर, 26 को शिव तथा 27 को बाड़मेर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में भर्ती चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। भर्ती अधिकारी नीम्बाराम एवं सहायक भर्ती अधिकारी सोनू कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों का पंजीयन भर्ती स्थल पर ही किया जाएगा। शारीरिक मापदंड के अनुसार लंबाई 168 से 170 सेमी, आयु 19 से 40 वर्ष, वजन 56 से 90 किलोग्राम तथा सीना 80-85 सेमी निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी शारीरिक रूप से स्वस्थ, फिजिकल फिट एवं अंग-भंग रहित होना चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके पश्चात उन्हें 65 वर्ष की आयु तक सेवा का अवसर प्रदान किया जाएगा। उनके मुताबिक वेतनमान सुरक्षा जवान के लिए 14 से 24 हजार रुपए, सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए 15 से 25 हजार रुपए तथा सुरक्षा अधिकारी के लिए 27 से 32 हजार रुपए निर्धारित है। साथ ही पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा, सालाना वेतन वृद्धि, आवास एवं मेस सुविधा, 25 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा, मेडिकल सुविधा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अभ्यर्थियों की नियुक्ति भारत सरकार के ऐतिहासिक स्मारकों, औद्योगिक क्षेत्रों, मल्टीनेशनल कंपनियों, मेट्रो, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, अस्पतालों तथा एनसीआर राजस्थान, अहमदाबाद एवं दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों पर की जाएगी। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8619863856 पर संपर्क किया जा सकता है।








