Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 2:03 am

Thursday, July 9, 2026, 2:03 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

हम सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता से करते हैं काम : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अजमेर दौरा : राजस्थान को अवसरों की भूमि बना रही डबल इंजन सरकार

राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर : वादों को तेजी के साथ पूरा कर रही राज्य सरकार- प्रधानमंत्री 

विकसित भारत 2047 के विजन का ग्रोथ इंजन बनेगा राजस्थान, प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत बन रहा वैश्विक ताकत : मुख्यमंत्री शर्मा

शिव वर्मा. जयपुर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है। इन दो साल में राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास की सौगात देने के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर हम लगातार काम कर रहे हैं। विकास के जिन वादों के साथ राजस्थान में डबल इंजन सरकार सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है।

डबल इंजन सरकार में युवाशक्ति हो रही सशक्त

मोदी ने कहा कि आज करीब 17 हज़ार करोड़ रुपए की परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि दो साल पहले तक राजस्थान में भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की ही खबरें आती रहती थीं। अब राजस्थान में पेपर लीक पर लगाम लगी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। आज डबल इंजन सरकार में युवाशक्ति और सशक्त हो रही है। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 21,863 युवाओं को शुभकामनाएं भी दी।

नारी शक्ति की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ किया समाधान

प्रधानमंत्री ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ देश की नारी शक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि अगर मां स्वस्थ होती है, तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता है। इसी भावना से केन्द्र सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलाई हैं। वर्ष 2014 से पहले के दौर में शौचालय की समुचित सुविधा नहीं होने से बहनों-बेटियों को पीड़ा और अपमान झेलना पड़ता था। अलग टॉयलेट की सुविधा नहीं होने के कारण बच्चियां स्कूल छोड़ देती थी। पहले इन समस्याओं की चर्चा तक नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि हमने इन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ मिशन मोड पर समाधान किया। गर्भावस्था के दौरान मां को पोषक आहार मिल सके इसके लिए 5 हजार रुपए बहनों के खाते में जमा करने की मातृ वंदना योजना शुरु की। महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना की शुरूआत की।

कनेक्टिविटी बढ़ने से राजस्थान में बढ़ रहे निवेश के अवसर

मोदी ने कहा कि आज का समय राजस्थान के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अच्छी सड़क, रेल और हवाई सुविधा से सिर्फ सफर आसान नहीं होता बल्कि पूरे क्षेत्र की किस्मत बदल जाती है, इसलिए हमारी सरकार राजस्थान में आधुनिक कनेक्टिविटी पर बहुत बल दे रही है। कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन बढ़ता है। पर्यटक आते हैं तो होटल, ढाबे, टैक्सी, गाइड आदि को काम मिलता है, राजस्थान के कारीगरों का बनाया सामान बिकता है। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी बढ़ने से राजस्थान में निवेश के लिए अवसर भी बढ़ रहे हैं।

सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध

प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन राजस्थान की पूर्ववर्ती सरकार ने सिंचाई की परियोजनाओं को दशकों तक लटकाए रखा। ईआरसीपी परियोजना को फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर रखा लेकिन हमारी सरकार ने आते ही इस स्कीम को फाइलों से निकालकर धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना हो या यमुना-राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट, नदियों को जोड़ने के अभियान का राजस्थान को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती

मोदी ने कहा कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। राजस्थान में धूप की कोई कमी नहीं और अब प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं से यही धूप आमजन के लिए बचत और कमाई का साधन बन रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में सरकार लोगों को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए की सहायता सीधे बैंक खाते में दे रही है। प्रदेश में सवा लाख से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं और इस योजना की वजह से कई घरों का बिजली बिल अब लगभग जीरो आ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के आरंभ में तीर्थराज पुष्कर, सावित्री माता, वीर तेजा जी महाराज, भगवान देवनारायण, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल को नमन किया। उन्होंने कहा कि अजमेर, आस्था और शौर्य की धरती है, यहां तीर्थ भी हैं और क्रांतिवीरों के पद्चिन्ह भी हैं। उन्होंने मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद करते हुए कहा कि राजस्थान के वीरों की इज़रायल के हाइफा शहर को आज़ाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका थी।

डबल इंजन सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को दे रही राहत -मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजस्थान की धरा पर अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में अब तक 29 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत होकर विश्व मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है। हाल ही में सम्पन्न हुई एआई समिट में पूरे विश्व ने देखा कि भारत भविष्य के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत अब वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है।

प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव रहा है। वे जब भी राजस्थान आए हैं हमेशा प्रदेश को विकास की अनेक सौगातें देते हैं। उनके मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री के ‘राजस्थान राइजिंग, रिलाएबल, रिसेप्टिव और रिफाइन’ की अवधारणा को अपना ध्येय मान कर आगे बढ़ रहे हैं।

युवाओं को 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में उठाए ठोस कदम

शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। गत सरकार के समय हुए पेपरलीक के माफिया अब गिरफ्त में हैं। राज्य सरकार ने युवाओं को 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। अब तक सवा लाख से अधिक नौकरियां दी गई हैं। 1 लाख 33 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 में 1 लाख से अधिक नए पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। इन सभी निर्णयों से युवाओं में हमारी सरकार के प्रति विश्वास बहाली हुई है।

कृषि बजट जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत, 16 लाख से अधिक लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत प्रदत्त 6 हजार की राशि में तीन हजार रुपये जोड़कर 9 हजार रुपये किया गया है। वर्ष 2026-27 के राज्य के कृषि बजट में 1 लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो कि राज्य की जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत है। साथ ही, 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में 16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है। मां वाउचर के माध्यम से सवा दो लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की गई है।

वीबी-जी राम जी के लिए 4 हजार करोड़ का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख से अधिक आवास तथा एनएफएसए में 72 लाख से अधिक नाम जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी का राज्य में सभी सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वागत किया है। राज्य सरकार द्वारा भी बजट 2026-27 में इसके लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमारी सरकार ने भी विकसित राजस्थान 2047 का विजन दस्तावेज जारी किया है। हमारी सरकार ने इस वर्ष के बजट में वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

प्रधानमंत्री के सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति से हुए लंबित जल विवादों के समाधान

मुख्यमंत्री ने वर्षों से लंबित जल विवादों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना का पानी लाने की परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। वहीं, रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं से 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में भी हमारी सरकार ने गत दो साल में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन दिए हैं। साथ ही, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत 4 लाख से अधिक भू जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है।

11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार प्रवर्तित योजनाओं में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। देश की 11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर, 5 में दूसरे और 7 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कुसुम कॉम्पोनेन्ट ए और सी में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर हैं। पीएम सूर्यघर योजना में भी हमारी सरकार ने 1 लाख 31 हजार रुफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों में औसतन 14 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में भी 10 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि गत 2 वर्षों में अब तक दर्जनभर से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। साथ ही, राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor