पूर्व नरेश गजसिंह व महारानी हेमलता राजे 19 मार्च को प्रातः 11:21 बजे चामुंडा माताजी मंदिर में करेंगे पूजा अर्चना, दर्शनार्थियों द्वारा शराब पीकर आना व साथ लाने पर रहेगा प्रतिबंध, दर्शनार्थियों के चामुंडा माता के दर्शन की बेहतर व्यवस्था रहेगी
शिव वर्मा. जोधपुर
मेहरानगढ़ दुर्ग के चामुंडा माताजी मंदिर में चैत्री नवरात्रा 19 मार्च से प्रारंभ होंगे । प्रशासन के निर्देशानुसार चामुंडा मंदिर में प्रातः 7:00 बजे से सांय 5 बजे तक दर्शनों की व्यवस्था रहेगी । मंदिर में दर्शनार्थियों के शराब पीकर आने व साथ लाने पर पूर्णतया प्रतिबंध होगा एवं पॉलिथीन बैग लेकर आना मना होगा ।
मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह शेखावत ने बताया कि 19 मार्च को सप्तवर्ती पाठ का संकल्प व स्थापना के मुहूर्त प्रात 11. 21 बजे पूर्व नरेश गज सिंह व महारानी श्रीमती हेमलता राज्ये मेहरानगढ़ दुर्ग के चामुंडा माताजी के दर्शन व पूजा अर्चना करेंगे । चामुंडा माताजी मंदिर के पास उपासनालय कक्ष में नौ वेद पाठी ब्राह्मण 19 मार्च को नवरात्रा स्थापना से अष्टमी तक दुर्गा पाठ का वाचन करेंगे । अष्टमी 26 मार्च की रात हवन प्रारंभ होगा जिसकी पूर्णाहुति नवमी 27 मार्च को प्रातः 11:15 बजे से 12:25 के मध्य पूर्व नरेश गज सिंह व महारानी श्रीमती हेमलता राज्ये द्वारा की जाएगी । नवमी 27 मार्च को 12:25 से 12:35 बजे तक तिलक आरती व उसके पश्चात स्थापना का मुहूर्त है ।
इस तरह रहेगी दर्शनों की व्यवस्था
प्रशासन के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष की तरह नवरात्रा की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है । जयपोल के बाहर से ही एक पंक्ति में दर्शन के लिए लाइन व्यवस्था की गई जो चामुंडा माताजी मंदिर तक रहेगी । डीएफएमडी गेट से ही जयपोल व फतेहपोल से दर्शनार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा । पट्ठे पर महिलाओं, बच्चों ,वृद्ध जनों के लिए आने जाने की व्यवस्था की गई है । वह वहीं से जाएंगे व वापस आएंगे । पुरुष एवं युवाओं के लिए सलीम कोट से होते हुए बसंत सागर से आने-जाने की व्यवस्था की गई है । मंदिर में परिक्रमा करना वर्जित रहेगा ।
प्रसाद चढ़ाने की यह रहेगी व्यवस्था
मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों में पुरुषों के लिए बसंत सागर पर महामृत्युंजय मूर्ति वाले मार्ग पर व महिलाओं के लिए पट्टे पर अलग से व्यवस्था की गई है नारियल बडा करने के लिए पुरुषों के लिए बसंत सागर के पास व महिलाओं के लिए पट्टे पर ही व्यवस्था की गई है । दर्शनार्थियों से अनुरोध किया गया है कि वह पानी वाले नारियल के स्थान पर गोटे वाले प्रसाद लेकर आए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो ।
यह रहेगा दर्शन का समय
चामुंडा मंदिर में दर्शन करने प्रवेश के लिए जयपोल व फतेह पोल के द्वार प्रातः 7:00 बजे खोल दिए जाएंगे व यह व्यवस्था सांय 5:00 बजे तक रहेगी । इसके बाद प्रवेश नहीं होगा ।
शराब पीकर आना व लेकर जाना मना
दर्शन के लिए शराब पीकर आने व शराब साथ ले जाना पूर्णतया मना रहेगा । पॉलिथीन में प्रसाद लाने पर प्रतिबंध रहेगा । कैरी बैग ( हैंगिंग बैग व थैले ) साथ में लाने का अनुरोध रहेगा ।
सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम
नवरात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इसके साथ ही कंट्रोल रूम की स्थापना भी रहेगी ।पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है ।
पीने के पानी की सुविधा
दर्शनार्थियों के पीने के पानी की व्यवस्था जगह-जगह की गई है, बिजली की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी 24 घंटे रहेगी । डिस्काम कर्मियों की भी ड्यूटी रहेगी । मेहरानगढ़ दुर्ग के सुरक्षाकर्मी भी अलग से जगह-जगह ड्यूटी देंगे व पुलिस की पुख्ता व्यवस्था रहेगी ।
एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड सुविधा
व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी मौके पर रहेगी एक एंबुलेंस ऊपर पट्ठे के पास रहेगी । ट्रस्ट की ओर से डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था भी अलग से रहेगी ।







