दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
बैंक ऑफ बड़ौदा रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन की 8वीं चतुर्वर्षीय बैठक वडोदरा में आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोजित उच्चस्तरीय गवर्निंग काउंसिल की बैठक में राजस्थान ज़ोन के अंचल अध्यक्ष प्रकाश जैन को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष निर्वाचित किया गया प्रकाश जैन, उदयपुर (राजस्थान) के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1974 में इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की तथा एमबीए में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वर्ष 1976 में उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएँ प्रारंभ कीं।
बैंक के पूर्व मुख्य प्रबंधक जीडी देवनानी ने बताया कि जैन ने अपने दीर्घ एवं उत्कृष्ट बैंकिंग करियर के दौरान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया तथा वर्ष 2012 में जनरल मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के पश्चात उन्होंने वर्ष 2012 में ही बैंक ऑफ बड़ौदा रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन से जुड़कर विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप आज उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।
सेवा निवृत अधिकारियों के प्रतिनिधि भूराराम थालौड़ ने बताया कि यह नियुक्ति राजस्थान ज़ोन के लिए अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है। जैन के नेतृत्व, अनुभव एवं संगठन के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूर्व महाप्रबंधक बीएस ढाका ने जानकारी दी कि राजस्थान ज़ोन के समस्त सदस्यों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रकाश जैन को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। इस मौके पर जोधपुर के पूर्व मुख्य प्रबंधक सुरेंद्र पुरोहित, मदन सिंह राठौड़, अंचल सचिव हेमेंद्र शर्मा भी उपस्थित थे।







