समाज में प्यार प्रेम और एक दूसरे के सहयोग की भावना विकसित करें।
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
यादव समाज जोधपुर के पदाधिकारी ने पद्मश्री संतोष यादव से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। संतोष यादव के नाम विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर दो बार चढ़ने का विश्व रिकॉर्ड है। प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान संतोष यादव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि हमें प्लास्टिक और सिंथेटिक उत्पादों का कम से कम प्रयोग करना चाहिए। मिट्टी तथा जल को दूषित करने से बचना चाहिए। सामान्य जीवन जिए, खान पान शुद्ध रखे, सूती वस्त्र पहने, बूंद बूंद पानी बचाए। उन्होंने यादव समाज जोधपुर को संदेश देते हुए यह अपेक्षा की है कि प्रकृति को बचाने में अपना सहयोग दें। तथा पौधारोपण करने के साथ ही उनकी सार संभाल भी लगातार करें। सब मिलजुल कर एकजुट रहे तथा समाज में प्यार प्रेम और एक दूसरे के सहयोग की भावना विकसित करें।
संतोष यादव ने किसी भी प्रकार के उपहार, सम्मान, अभिनंदन पत्र को ग्रहण करने से मना करते हुए कहा कि हमें किसी भी प्रकार के सम्मान और उपहार देने से बचना चाहिए। हम एक दूसरे से मेलजोल बढ़ाए, बैठकर आपस में संवाद करें, किस प्रकार शांत और सौम्य वातावरण तैयार कर सकते है उस पर विचार विमर्श करें, सम्मान में अनावश्यक धन तथा समय खर्च न करें, सामाजिक मेलजोल को प्रकृति के साथ जोड़कर आगे बढ़े, सामाजिक समारोह में प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करें।
संतोष यादव के आदर्श विचारों पर बोलते हुए समाज अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि हम आपके आदर्शों को समाज में लागू करने का प्रयास करेंगे तथा पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा सूती वस्त्रों के लिए विशेष प्रयास करेंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष जगदीश यादव के साथ ही महासचिव एडवोकेट राजकुमार यादव, युवा अध्यक्ष चेतन यादव, कोषाध्यक्ष संतोष यादव, संगठन सचिव अमर सिंह यादव, रामराज यादव, एलबी यादव, ममता यादव, आदित्य यादव, हुंडा सिंह यादव आदि उपस्थित रहे।








