प्रोफेसर हिम्मत सिंह सिन्हा फाउंडेशन की नींव जापान में
दिलीप कुमार पुरोहित. टोक्यो (जापान)
ब्रह्मलीन, युग मनीषी प्रोफ़ेसर हिम्मत सिंह सिन्हा की ज्ञान – यात्रा का नौवा पड़ाव 11 अप्रैल को टोक्यो, जापान में होना तय हुआ है। लोटस ब्लूम पब्लिकेशन के सीईओ, केबी व्यास और प्रेरणा वृद्धाश्रम कुरुक्षेत्र के संस्थापक डाॅ. जय भगवान सिंगला इस नौवें कार्यक्रम हेतु जापान पधारे हैं।
जापान में प्रोफ़ेसर सिन्हा साहब की ज्ञान यात्रा में दो कार्यक्रम होने हैं। पहला टोक्यो में 11 अप्रैल को और दूसरा ओसाका में 12 अप्रैल को होना तय हुआ है। टोक्यो का कार्यक्रम एदोगावा कल्चरल सेंटर में हो रहा है जो भारतीय मूल के योगेन्द्र पौराणिक का है और वे जापान की सक्रिय राजनीति का हिस्सा हैं तथा एदोगावा, जापान क्षेत्र के भूतपूर्व एमएलए भी रह चुके हैं ।
एदोगवा कल्चरल सेंटर के बाहर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भी स्थापित की हुई है जो 285 किलोग्राम की है और स्वर्ण रंग की है। योगेन्द्र के साथ हुई बातचीत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोफ़ेसर हिम्मत सिंह फ़ाउंडेशन की नींव भी रखी गई, जिसमें प्रो सिन्हा के ज्ञान, दर्शन और संस्कृति का प्रचार प्रसार पूरे विश्व में और किया जाएगा तथा पहले सात वर्ष की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी, जिसमें साहित्य के क्षेत्र में विशेष रूप से जुड़े हुए लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके बाद ओसाका में 12 अप्रैल का कार्यक्रम उत्सव मंच के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। उत्सव मंच जोधपुर के व्यवसायी विक्रम राजपुरोहित का है तथा वे भारतीय स्पाइस के बिजनेस में पिछले 10 वर्षों से कार्यरत हैं। इनके अलावा उत्सव मंच के ही वेदप्रकाश सिंह जो ओसाका विश्वविद्यालय में हिन्दी के प्रोफ़ेसर हैं वे भी सक्रिय रूप से इस कार्यक्रम में सम्मिलित हैं तथा प्रोफ़ेसर हिम्मत सिंह सिन्हा से पहले भी मिले हुए हैं और बड़े आदर और सम्मान के साथ उनका नाम लेते है। जापान की यह यात्रा प्रोफ़ेसर सिन्हा साहब की ज्ञान – यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसमें प्रोफ़ेसर हिम्मत सिंह सिन्हा फ़ाउंडेशन की नींव रखी गई है।










