Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 6:33 am

Sunday, August 23, 2026, 6:33 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

सेवा ही धर्म : नर्सिंग अधिकारी तेजकंवर सांखला कल सम्मानित होंगी

जोधपुर के लिए गौरव का क्षण: तेज कंवर को राज्य स्तरीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवार्ड 2026 मिलेगा

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस के अवसर पर जोधपुर के लिए गर्व एवं हर्ष का समाचार है। महात्मा गांधी चिकित्सालय जोधपुर की वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी एवं किचन विभाग प्रभारी श्रीमती तेज कंवर सांखला को नर्सिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल अवार्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

यह प्रतिष्ठित अवार्ड समारोह 12 मई मंगलवार को प्रातः 10:30 बजे सवाई मानसिंह चिकित्सालय जयपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने क्रीमिया युद्ध के दौरान ‘लेडी विद द लैम्प’ बनकर घायल सैनिकों की जिस सेवा, करुणा और समर्पण से तीमारदारी की, उसी परंपरा को तेज कवर ने जोधपुर में जीवंत रखा है।

थैलेसीमिया से पीड़ित नन्हें-मुन्ने बच्चों की ‘माँ’ बनकर, CPR प्रशिक्षण से सैकड़ों जीवन बचाने का संकल्प लेकर, और किचन विभाग में मरीजों के लिए पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करके तेज कवर ने सेवा को ही अपना धर्म माना है।

हर आपात परिस्थिति में भी तेज कंवर ने मरीजों के परिजनों का संबल बनकर एक मिसाल पेश की है। जोधपुर के भूंगरा अग्निकांड, माता का थान अग्निकांड तथा जैसलमेर बस दुर्घटना अग्निकांड जैसे भीषण हादसों के दौरान इन्होंने घायल मरीजों के परिजनों को ढाढस बंधाने से लेकर उनके खान-पान का विशेष ध्यान रखा। साथ ही गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए किचन विभाग से विशेष प्रोटीन डाइट उपलब्ध करवाई। संकट की घड़ी में इनका यह सेवाभाव अनुकरणीय रहा है।

उनके हंसमुख स्वभाव, मरीजों के प्रति संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें सही मायनों में ‘फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमूर्ति’ बना दिया है। यह सम्मान न केवल तेज कवर का, बल्कि पूरे जोधपुर के नर्सिंग समुदाय और महात्मा गांधी चिकित्सालय परिवार का सम्मान है। जोधपुर की धरा से एक और सितारा नर्सिंग जगत में अपनी चमक बिखेरने जा रहा है। इस उपलब्धि पर चिकित्सालय प्रशासन, नर्सिंग अधीक्षक, समस्त चिकित्सकगण एवं सहकर्मियों ने तेज कवर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor