Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 1:52 am

Thursday, July 9, 2026, 1:52 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

एक शाम शहीद बाल मुकुंद बिस्सा के नाम : 80 संस्थाएं सम्मानित

शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि सभी जाति और वर्ग की संस्थाओं को एक मंच पर सम्मानित करना सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सम्मानित होने वाले पदाधिकारियों को साफा, दुपट्टा और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

राखी पुरोहित. जोधपुर

भारतीय जनता पार्टी, खांडा फलसा मंडल के तत्वावधान में जालोरी गेट स्थित बिस्सा सर्किल पर एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम ‘एक शाम अमर शहीद बाल मुकुंद बिस्सा के नाम’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जहां एक ओर देशभक्ति के तरानों से वातावरण गुंजायमान हुआ, वहीं दूसरी ओर समाज सेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाली विभूतियों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर विधायक अतुल भंसाली ने अपने संबोधन में कहा कि जोधपुर की सेवाभावी परंपरा को जीवित रखने में यहां की संस्थाओं का बड़ा योगदान है। उन्होंने सर्व समाज की 80 से अधिक संस्थाओं के पदाधिकारियों का भावभीना सम्मान किया। भंसाली ने जोर देकर कहा कि सभी जाति और वर्ग की संस्थाओं को एक मंच पर सम्मानित करना सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सम्मानित होने वाले पदाधिकारियों को साफा, दुपट्टा और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

शहीद बाल मुकुंद बिस्सा के बलिदान को नमन करते हुए विधायक अतुल भंसाली ने बिस्सा सर्किल पर छतरी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। पंडित विजयदत्त पुरोहित के सान्निध्य में मंत्रोच्चार के साथ शिला पूजन संपन्न हुआ। इस निर्माण कार्य से यह स्मारक शहर के मुख्य आकर्षण और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत के रूप में विकसित होगा।
मंडल अध्यक्ष अरविंद पुरोहित ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि दीपक जोशी बटुकड़ी एंड पार्टी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह में जोश भर दिया। ‘ऐ मेरे वतन के लोगों‘ और ‘कर चले हम फिदा’ जैसे कालजयी गीतों और भजनों पर श्रोता भाव-विभोर हो गए। देर रात तक चली इस भजन संध्या में राष्ट्रभक्ति का ज्वार देखने को मिला।

इस भव्य आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, पूर्व महापौर विनिता सेठ, पत्रकार सुरेश व्यास, सुधांशु टाक, नरेंद्र कच्छवाहा, जगत नारायण जोशी, कमलेश पुरोहित, छवि शर्मा, सुरेश जोशी छोटसा, राजेंद्र बोराणा, हितेष व्यास, वरूण धनाडिया, नाथूसिंह, महेंद्र छंगाणी, मनीष पुरोहित, प्रो.डाॅ. एसपी व्यास, सुरेश बिस्सा, गोल्डी बिस्सा, देवनारायण बिस्सा, राकेश बिस्सा, राजकुमार पुरोहित, लालजी, खांडा फलसा मंडल के पदाधिकारियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्षदगण, विभिन्न समाजों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष ने सभी आगंतुकों और सम्मानित संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बिस्सा सर्किल को रंग बिरंगी रोशनी व भव्य फूल मंडली से सजाया गया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor