पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मौके पर ही किया जाएगा पंजीकरण और की जाएगी निशुल्क जांच, आंखों को छोड़कर किसी भी प्रकार की जांच के लिए भूखे पेट आना होगा जरूरी, ब्लड सैंपल लिए जाने के बाद ही रिपोर्ट के आधार पर बीमारी का इलाज होगा संभव, डॉ संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ बी एस जोधा और मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर विकास राजपुरोहित के निर्देशन मे मथुरादास माथुर अस्पताल के चिकित्सक डॉ रोहित माथुर,डॉ बैराग सिंह,डॉ अनिल बारूपाल, डॉ रमेश जाखड़, डॉ विरम परमार, डॉ रौनक गाँधी और अरविन्द चौहान देंगे सेवाएं
मारवाड़ प्रेस क्लब के साथियो को आई कार्ड का वितरण भी शिविर में किया जाएगा।
सुनील वर्मा. जोधपुर
मारवाड़ प्रेस क्लब की ओर से जोधपुर के मीडिया कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए शनिवार को प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक मथुरादास माथुर अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मारवाड़ प्रेस क्लब अध्यक्ष राजीव गौड़ की देखरेख में आयोजित होने वाले इस निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर में मथुरादास माथुर अस्पताल के वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगें। मारवाड़ प्रेस क्लब के सचिव चंद्र शेखर व्यास ने बताया कि मीडिया कर्मियों की कार्यशैली अत्यंत व्यस्त एवं तनावपूर्ण होती है। अनियमित दिनचर्या, लगातार स्क्रीन पर कार्य, फील्ड रिपोर्टिंग, कम नींद तथा मानसिक दबाव के कारण पत्रकारों एवं मीडिया से जुड़े लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, तनाव, आंखों की समस्या एवं सर्वाइकल जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी उद्देश्य से यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
डॉ संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ बी एस जोधा और मथुरादास माथुर अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर विकास राजपुरोहित के सहयोग से आयोजित हो रहे इस शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, आंखों की जांच सहित विभिन्न आवश्यक जांचें निशुल्क की जाएंगी, इसके लिए भूखे पेट आना जरूरी होगा. साथ ही स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं जीवनशैली सुधार संबंधी सुझाव भी दिए जाएंगे।इस शिविर मे डॉ रोहित माथुर,डॉ बैराग सिंह,डॉ अनिल बारूपाल, डॉ रमेश जाखड़, डॉ विरम परमार, डॉ रौनक गाँधी और अरविन्द चौहान अपनी सेवाएं देंगे। मारवाड़ प्रेस क्लब अध्यक्ष राजीव गौड़ ने बताया कि शिविर में विशेष रूप से तनाव प्रबंधन, हृदय स्वास्थ्य, मधुमेह नियंत्रण, स्क्रीन टाइम से होने वाली समस्याओं एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर भी जागरूकता प्रदान की जाएगी। जिन व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या सामने आएगी, उन्हें आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने की सलाह भी दी जाएगी।मारवाड़ प्रेस क्लब ने सभी पत्रकारों, फोटोजर्नलिस्ट, कैमरापर्सन, डिजिटल मीडिया कर्मियों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े सदस्यों से समय पर पहुंचकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
राजीव गौड़ ने बताया कि कैंप में मारवाड़ प्रेस क्लब के साथियों को आईकार्ड का वितरण भी किया जाएगा।



