सुनील वर्मा. जयपुर
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत गुरुवार को सिरोही जिले के बत्तीसा बांध पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री के. के. विश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा विभिन्न अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के विशिष्ट प्रयास किए जा रहे हैं। गत 25 मई से वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर जन जागरूकता की गतिविधियां की गई हैं। उन्होंने सभी से ये अपील की कि जल संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाते हुए अन्य को भी प्रेरित करें। पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक पौधे लगाएं जाए, पानी बचाया जाए और आने वाली पीढ़ियों को इसकी सीख देते हुए पर्यावरण संरक्षण की महत्ता समझाई जाए।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के नाम वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में ही अभियान का लक्ष्य, इसकी आवश्यकता और प्रासंगिकता समाहित है, पानी की एक एक बूंद महत्वपूर्ण है इस की महत्ता को समझते हुए हमें हमारी जीवनशैली विकसित करनी चाहिए। उन्होंने इस दौरान उपस्थित सभी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील पर अमल करने और देश के विकास में सदैव सक्रियता से सहभागिता निभाने की बात कही।
विधायक समाराम गरासिया ने अपने संबोधन में सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक प्रयास करने, पानी बचाने की मुहिम में अधिक से अधिक जुड़ने और अन्य को भी इन अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित करने की अपील की।
सिरोही जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने बताया कि जल ही जीवन हैं इसे संरक्षित करने और जल संरचनाओं को विकसित करने के संबंध में यह अभियान बेहद महत्वूपर्ण हैं।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा बत्तीसा बांध पर विधिवत पूजा अर्चना की गई तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.




