15 जून से 30 सितंबर तक 24×7 संचालित रहेगा बाढ़ नियंत्रण कक्ष
आपदा संबंधी सूचना एवं सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1077 जारी
सुनील वर्मा. जोधपुर
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने शासन उप सचिव, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशों की अनुपालना में जिला स्तरीय इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (ईओसी) एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष को तत्काल प्रभाव से सक्रिय करने के आदेश जारी किए हैं।
आदेशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष/इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर 15 जून, 2026 से 30 सितंबर, 2026 तक 24 घंटे संचालित रहेगा। आमजन आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में दूरभाष नम्बर 0291-2650349, 0291-2650350, 0291-2556883 तथा टोल फ्री नम्बर 1077 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
बाढ़ नियंत्रण एवं इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के प्रभारी अधिकारी के रूप में उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा विभाग, जोधपुर श्री सुरेंद्र सिंह पुरोहित को नियुक्त किया गया है। उनसे मोबाइल नम्बर 9829687999 पर संपर्क किया जा सकेगा। वहीं सहायक प्रभारी अधिकारी के रूप में नागरिक सुरक्षा अग्निशमन सेवा, जोधपुर के फायरमैन श्री रणजीत सिंह को नियुक्त किया गया है, जिनका मोबाइल नम्बर 9461006707 है।
जिला स्तरीय इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर राज्य स्तरीय इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर जयपुर के दूरभाष नम्बर 0141-2227296, 2385776, 2385777 एवं 2227605 तथा टोल फ्री नम्बर 1070 एवं 112 से निरंतर संपर्क में रहेगा। इसके अतिरिक्त संभागीय आयुक्त कार्यालय, जोधपुर, भारत मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर तथा जिले में कार्यरत जलदाय, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण, चिकित्सा, रसद, पुलिस, उपखण्ड एवं तहसील कार्यालयों के साथ भी नियमित समन्वय बनाए रखा जाएगा।
आदेशानुसार जिले में प्रतिदिन होने वाली वर्षा तथा अन्य प्रमुख घटनाओं की सूचना तत्काल जिला कलक्टर एवं उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा विभाग, जोधपुर को उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यक प्रतिवेदन आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, जयपुर को प्रेषित किए जाएंगे।
इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष का संचालन तीन पारियों में किया जाएगा। प्रथम पारी प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा तृतीय पारी रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक संचालित रहेगी।




