आयरनमैन प्रतियोगिता पूर्ण करने के बाद भारतीय तिरंगा लहराते हुए सौरभ जैन
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
9783414079 diliprakhai@gmail.com
युवा धावक एवं फिटनेस उत्साही सौरभ जैन ने जर्मनी के हैम्बर्ग में आयोजित विश्व प्रसिद्ध आयरनमैन प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा कर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता पूरी करने के बाद भारतीय तिरंगा लहराते हुए सौरभ ने देश और शहर का गौरव बढ़ाया।
आयरनमैन प्रतियोगिता को विश्व की सबसे कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिताओं में गिना जाता है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर 3.8 किलोमीटर खुले समुद्र में तैराकी, 180 किलोमीटर साइक्लिंग तथा 42.2 किलोमीटर फुल मैराथन दौड़ पूरी करनी होती है। सौरभ जैन ने इन तीनों चुनौतीपूर्ण चरणों को सफलतापूर्वक पूरा कर अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और अदम्य साहस का परिचय दिया।
सौरभ ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे वर्षों का नियमित अभ्यास, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण रहा है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पत्नी, पुत्र, परिवारजनों, मित्रों, प्रशिक्षकों तथा शुभचिंतकों के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन को दिया।
उन्होंने कहा कि “यदि व्यक्ति सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास बनाए रखे तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।”
सौरभ जैन की इस उपलब्धि पर शहर के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है तथा यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर विश्व मंच पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।





