Explore

Search

Thursday, July 9, 2026, 12:57 am

Thursday, July 9, 2026, 12:57 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

राजस्थान हाईकोर्ट : योग से स्वास्थ्य की पहल, योग कर निरोगी रहने का लिया संकल्प 

न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय परिवार ने सामूहिक योगाभ्यास कर दिया स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश

अमित सांखला. सुनील वर्मा. जोधपुर 

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर परिसर में रविवार प्रातः 7 बजे से 7:30 बजे तक गरिमामय योग समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी के प्रेरक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव में कमी, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा जीवन में सकारात्मकता एवं संतुलन का विकास होता है। कार्यक्रम का संचालन आनन्द जोशी ने किया। प्रशिक्षित योग शिक्षिका श्रीमती नीतू कच्छवाह एवं उनकी टीम के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति एवं कार्यक्षमता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर माननीय न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी, माननीय न्यायाधिपति कुलदीप माथुर, माननीय न्यायाधिपति चन्द्र शेखर शर्मा, माननीय न्यायाधिपति सुनील बेनीवाल तथा माननीय न्यायाधिपति बलजिन्दर सिंह संधू उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राजस्थान उच्च न्यायालय लॉयर्स एसोसिएशन, जोधपुर के अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत, राजस्थान उच्च न्यायालय एडवोकेट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, अतिरिक्त महाधिवक्ता नाथूसिंह राठौड़, न्यायालय रजिस्ट्री के अधिकारी एवं कर्मचारी, डॉक्टर्स एसोसिएशन तथा कॉन्फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

प्रतिभागियों ने कहा कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, अनुशासन, आत्मनियंत्रण एवं सामूहिक कल्याण का प्रभावी आधार है। उन्होंने न्यायिक दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में मानसिक संतुलन एवं एकाग्रता बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा समाज में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर योग प्रशिक्षिका (इंस्ट्रक्टर) नीतू कच्छवाह के साथ उनके विद्यार्थियों—विनीता सांखला, धानी कच्छवाह, पूर्णिता गहलोत, दीपिका चावला और सहयोगी आनंद जोशी ने मिलकर योग अभ्यास करवाया। ​कार्यक्रम के दौरान माननीय न्यायाधीश पी.एस. भाटी, कुलदीप माथुर एवं अन्य न्यायाधीशों तथा रजिस्ट्रार ने उच्च न्यायालय के स्टाफ (कर्मचारियों) के साथ मिलकर योग किया। हाई कोर्ट न्यायाधीश
श्री पुष्पेंद्र भाटी, श्री कुलदीप माथुर, श्री बलजिंदर सांधू, श्री चंद्रशेखर शर्मा,
श्री सुनील बेनीवाल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दिलीप उदावत एवं
AAG श्री नाथू सिंह जी ने भी मौजूद रहकर योग किया।

( राजस्थान हाईकोर्ट में धानी कच्छवाह योग करते हुए।) 

नागौरी बेरा में योग की लहर, हर काेई उत्साहित

अमित सांखला. जोधपुर 

श्री नवयुवक संघ, नागौरी बेरा द्वारा माँ भुवनेश्वरी माता मंदिर प्रांगण नागौरी बेरा में आयोजित कार्यक्रम में कच्छवाहा परिवार के सदस्य, योग गुरु हर्षित कच्छवाह, नवयुवक संघ के समन्वयक निर्मल कच्छवाह तथा समाज के युवा एवं गणमान्यजन शामिल हुए।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग गुरु हर्षित कच्छवाह ने विभिन्न योग मुद्राओं एवं उनके अभ्यास की विधि बताई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं मानसिक शांति के लिए योग के महत्व पर चर्चा की गई तथा नियमित योग करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम 21 जून 2026 (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) पर प्रातः काल में आयोजित किया गया।

योग गुरु हर्षित कच्छवाह ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए उन्हें करने की सही विधि एवं उनके लाभों की जानकारी दी। वहीं नवयुवक संघ के समन्वयक निर्मल कच्छवाह ने अपने संबोधन में प्रतिदिन योग करने से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में नियमित रूप से योग करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में समाज के युवाओं एवं परिवारजनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : सीआईआरसी जोधपुर शाखा में किया योग

अमित सांखला. जोधपुर

भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की बेनिफिशियरी स्कीम्स डायरेक्टरेट एवं पब्लिक रिलेशन कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जोधपुर शाखा (सीआईआरसी) द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शाखा अध्यक्ष सीए महिपाल लड्ढा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन भारतीय परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अर्चिता जैन ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया।

शाखा सचिव सीए राहुल कालानी ने कहा कि योग को केवल एक दिवस के उत्सव तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। आज की व्यस्त जीवनशैली में स्वस्थ एवं प्रसन्न रहने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी सदस्यों एवं सीए विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

योग प्रशिक्षक अर्चिता जैन ने कहा कि आमतौर पर लोग योग को केवल लचीलापन या कठिन आसनों से जोड़कर देखते हैं, जबकि योग स्वयं के लिए समय निकालने और मानसिक शांति प्राप्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं विद्यार्थियों पर कार्य और अध्ययन का अत्यधिक दबाव रहता है, ऐसे में योग मानसिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सीआईआरसी के कोषाध्यक्ष सीए धवल कोठारी ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे चुनौतीपूर्ण पेशे में मानसिक स्पष्टता और दबाव में कार्य करने की क्षमता सबसे बड़ी संपत्ति होती है। योग हमें स्वयं को पुनः ऊर्जावान बनाने, एकाग्रता बढ़ाने तथा तनाव को नियंत्रित करने के प्रभावी साधन प्रदान करता है।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सीए पंकज राठी, कोषाध्यक्ष सीए विकास भूतड़ा, पूर्व अध्यक्ष सीए हेमंत लोहिया, कार्यकारिणी सदस्य सीए जितेन्द्र बोथरा सहित शाखा स्टाफ इंजीनियर मोहिबुर रहमान, अभिजीत गेहलोत, सनी तेजी एवं केसर सिंह भी उपस्थित रहे।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया योग

सुनील वर्मा. जोधपुर

12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जोधपुर द्वारा 21 जून 2026 को योग दिवस का सफल आयोजन उम्मेद उद्यान पब्लिक पार्क में सुबह 7 बजे किया गया।

सनातन संस्कृति में वेदों में योग को अमृत तुल्य बताया गया है तथा योग में हर बीमारी का इलाज बताया गया है। योग से शरीर स्वस्थ रहता है और स्वस्थ शरीर में स्वास्थ्य मस्तिक का निवास रहता है। इसलिए प्रत्येक मनुष्य को दैनिक जीवन में योग को धारण करना चाहिए।

मोर्चा के जिला अध्यक्ष पठान खान मेहर ने बताया कि इस कार्यक्रम में श्रीमती ममता सोलंकी, मनीष गांधी, हुसैन छीपा, ओम अंबानी, गोविंद चंद्र विलास, विष्णु अरोड़ा, युसूफ चौधरी, मो.ताहिर गौरी, रफिक लोहार, पूनमचन्द करनावत आदि लोगो ने भाग लिया।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor