Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 5:20 am

Sunday, August 23, 2026, 5:20 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

पाल गांव के सागर नगर क्षेत्र में रातभर गुल रहती बिजली, गर्मी में बेहाल लोग, जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा प्रदर्शन

बार-बार बिजली कटौती और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश, डिस्कॉम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

9783414079 diliprakhai@gmail.com

 पाल गांव के सागर नगर रीको क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती ने क्षेत्रवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच देर रात से लेकर सुबह तक कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय नहीं है। अधिकांश दिनों में रात 12 से 1 बजे के बीच बिजली चली जाती है और करीब तीन घंटे बाद ही आपूर्ति बहाल होती है। कई बार इससे भी अधिक समय तक बिजली नहीं आती, जिससे लोगों की नींद, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार मंगलवार रात भी करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जो बुधवार को सुबह लगभग 7 बजे बहाल हुई। कुछ ही देर बाद फिर बिजली चली गई। लगातार हो रही इस आंख-मिचौली से लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि रातभर बिजली नहीं रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उमस और गर्मी के कारण पूरी रात जागकर बितानी पड़ती है।

लोगों का कहना है कि बिजली कटौती की शिकायतें डिस्कॉम के हेल्पलाइन नंबर और संबंधित अधिकारियों तक कई बार पहुंचाई गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। कभी तकनीकी खराबी तो कभी रखरखाव कार्य का हवाला देकर शिकायतों को टाल दिया जाता है, जबकि समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया। कई बार शिकायत दर्ज होने के बाद भी न तो समय पर बिजली बहाल होती है और न ही उपभोक्ताओं को सही जानकारी दी जाती है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि डिस्कॉम की कार्यप्रणाली आम उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करने के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि यदि किसी उपभोक्ता से बिल जमा करने में थोड़ी भी देरी हो जाए तो तत्काल कार्रवाई की जाती है, लेकिन जब विभाग की ओर से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो उसकी जवाबदेही तय नहीं होती। इससे उपभोक्ताओं में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से घरों में लगे विद्युत उपकरणों के खराब होने का भी खतरा बना रहता है। इन्वर्टर और बैटरियां बार-बार डिस्चार्ज हो जाती हैं, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और नौकरीपेशा लोगों को भी सुबह की तैयारियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि डिस्कॉम इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करे। यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली कटौती आवश्यक हो तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए, ताकि वे आवश्यक व्यवस्थाएं कर सकें। साथ ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कर दोषपूर्ण लाइनों, ट्रांसफॉर्मर अथवा अन्य उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही रात्रिकालीन बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं किया गया और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो क्षेत्रवासी एकजुट होकर संबंधित डिस्कॉम कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए। लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का धैर्य जवाब दे दिया है और यदि विभाग ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो जनआक्रोश और बढ़ सकता है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor