Explore

Search

Sunday, August 2, 2026, 1:58 am

Sunday, August 2, 2026, 1:58 am

LATEST NEWS

The specified slider does not exist.

Lifestyle

मनस्वी क्लब का ‘राखी तीज मेला–सीजन 3’ 16 अगस्त को, महिला उद्यमिता को मिलेगा नया मंच

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर 

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनस्वी क्लब द्वारा 16 अगस्त (रविवार) को एक दिवसीय *”राखी तीज मेला–सीजन 3″* का आयोजन किया जाएगा। क्लब अध्यक्ष मुक्ता माथुर ने बताया कि क्लब वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करता है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह मेला महिला उद्यमियों एवं गृहिणियों को अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन एवं व्यवसाय विस्तार का अवसर प्रदान करेगा।

मेला संयोजक नीतू माथुर एवं आरती माथुर ने बताया कि मेले के लिए स्टॉल बुकिंग प्रारंभ हो चुकी है तथा समाज की महिलाओं में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है। बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न श्रेणियों की स्टॉल लगाने के लिए पंजीयन करा रही हैं।

वंदना माथुर एवं मनीषा राय ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर राखी निर्माण कम लागत में शुरू किया जा सकने वाला लाभदायक मौसमी व्यवसाय है। इसे ध्यान में रखते हुए मेले में विशेष *राखी मेकिंग वर्कशॉप* आयोजित की जाएगी, जिसमें हुनरमंद महिलाएं रेजिन आर्ट, कुंदन स्टोन, इको-फ्रेंडली एवं डिजाइनर राखियों का लाइव प्रदर्शन करेंगी। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।

रंजीता भटनागर ने बताया कि मेले में राखियों के साथ चूड़ियां, कंगन, लहरिया एवं मोठड़ा साड़ियां, पारंपरिक राजस्थानी परिधान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, गृह सज्जा सामग्री, गिफ्ट आइटम, महिला एवं बच्चों से संबंधित उपयोगी उत्पाद तथा फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे। रक्षाबंधन एवं हरियाली तीज के अवसर पर *बिये* और *सत्तू* के विशेष ऑर्डर भी लिए जाएंगे।

आयोजकों ने बताया कि मेला केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह महिलाओं की प्रतिभा, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का मंच बनेगा। क्लब ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्थानीय महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने एवं उनके उत्पादों को प्रोत्साहन देने की अपील की है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor