आयोजन में महिलाओं की उद्यमिता, रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सावन के उल्लास को भी उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
पंकज जांगिड़. जोधपुर
श्री माहेश्वरी समाज समिति, पश्चिमी क्षेत्र के तत्वावधान में महिला उद्यमिता समिति 2026 ‘सेवा-पहचान-उड़ान’ की ओर से दो दिवसीय सावन मेले का आयोजन 22 एवं 23 अगस्त को कमला नेहरूनगर स्थित माहेश्वरी भवन में किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 22 अगस्त, शनिवार को सुबह 10.15 बजे अतिथियों व आयोजको की मेजबानी में होगा। मेले का समय सुबह 10 से रात्रि 9 बजे तक रहेगा।
आयोजन में महिलाओं की उद्यमिता, रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सावन के उल्लास को भी उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मेले में ‘तंबोला क्या बोला व जीतो इनाम खेल-खेल में’ विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों तथा चटपटे एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आगंतुक आनंद ले सकेंगे।
कार्यक्रम प्रभारी सुनीता जैसलमेरिया ने बताया है कि मेले का आयोजन संयोजिका मधु मूंदड़ा एवं समन्वयक अनीता कालाणी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. फूलकौर मूंदड़ा एवं ममता बाहेती मौजूद रहेंगी। आयोजन को सफल बनाने में सुनीता जैसलमेरिया, सुनीता हेड़ा, दीपा खेतावत, ई. मेघा मालपानी एवं वंदना राठी सहित समाज की अनेक महिला सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहेगा। समाज अध्यक्ष श्याम सुंदर धूत, सचिव पुरखराज जाजू, कोषाध्यक्ष श्रवण सोमानी, उपाध्यक्ष राजेन्द्र मंत्री एवं सह सचिव प्रेम मालपानी सहित पदाधिकारी भी आयोजन में सहयोग करेंगे। आयोजकों ने समाज की महिलाओं एवं परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर आयोजन का आनंद लेने तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का आव्हान किया है।


