Explore

Search

Sunday, August 23, 2026, 2:55 am

Sunday, August 23, 2026, 2:55 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय का किया निरीक्षण

सुनील वर्मा/जोधपुर/22.08.2026

स्ट्रांग रूम, काउंटिंग रूम, मतदान दलों की रवानगी और वापसी सहित मतगणना की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं आपसी समन्वय से पूर्ण करने के दिए निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने शनिवार को नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय का निरीक्षण कर चुनाव संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रारंभिक तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित स्ट्रांग रूम, काउंटिंग रूम, मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी तथा मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।

समय रहते पूर्ण करें सभी चुनावी व्यवस्थाएं

जिला निर्वाचन अधिकारी ने महाविद्यालय परिसर का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय निकाय आम चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में समयबद्धता और सुव्यवस्थित प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संबंधित प्रकोष्ठ अपने दायित्वों के अनुरूप तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दें।

श्री रंजन ने कहा कि मतदान से पूर्व मतदान दलों की रवानगी तथा मतदान सम्पन्न होने के पश्चात उनकी वापसी राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय से होगी। वहीं मतगणना की प्रक्रिया भी इसी परिसर में संपादित की जाएगी। ऐसे में मतदान दलों के आवागमन से लेकर मतगणना तक की संपूर्ण व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित रहनी चाहिए।

मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी की व्यवस्थाओं की समीक्षा

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों की रवानगी के दौरान टेंट, बैठक व्यवस्था, पार्किंग तथा माइक सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी के दौरान आवागमन व्यवस्थित रखने तथा अधिकारियों एवं कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने परिसर में उपलब्ध विभिन्न कक्षों, हॉल तथा मैदान का निरीक्षण कर उनके निर्वाचन संबंधी उपयोग की संभावनाओं का भी अवलोकन किया।

स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

श्री रंजन ने मतदान के पश्चात ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए प्रस्तावित स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं तथा संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें।

उन्होंने काउंटिंग रूम की प्रस्तावित व्यवस्था का भी अवलोकन किया और मतगणना के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्य प्रगति से नियमित रूप से अवगत करवाएं

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा उन्हें समय-समय पर कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकोष्ठों के मध्य प्रभावी समन्वय रखते हुए तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।

*विद्यार्थियों से किया संवाद*

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के विद्यार्थियों से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जवाहर चौधरी, जिला रसद अधिकारी श्री अंजुम ताहिर सम्मा, जेडीए निदेशक (अभियांत्रिकी) श्री महेंद्र सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

sumnesh vyas
Author: sumnesh vyas