Explore

Search

Wednesday, August 26, 2026, 8:25 am

Wednesday, August 26, 2026, 8:25 am

LATEST NEWS
[wonderplugin_slider id=1]
Lifestyle

नेशनल अंडर-19 स्केटिंग में सुरेंद्र सिंह ने जीता गोल्ड, भगत की कोठी में जश्न का माहौल

मेहनत और लगन से सुरेंद्र ने परिवार व समाज का नाम किया रोशन, परिजनों ने जताई खुशी

दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर

नेशनल अंडर-19 स्केटिंग प्रतियोगिता में भगत की कोठी निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र लक्षण सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर जोधपुर का नाम रोशन किया है। सुरेंद्र की इस उपलब्धि से भगत की कोठी क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। परिवारजनों, रिश्तेदारों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

सुरेंद्र सिंह के दादा पुखराज सिंह सोलंकी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पोते ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र की इस उपलब्धि से पूरे परिवार के साथ समाज को भी गर्व की अनुभूति हुई है। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना उसकी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है।

मेहनत को बनाया सफलता का मंत्र

पुखराज सिंह सोलंकी ने कहा कि सुरेंद्र ने अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए मेहनत को प्राथमिकता दी। स्केटिंग जैसे खेल में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और धैर्य जरूरी है। सुरेंद्र ने इन सभी गुणों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर यह उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने कहा कि सुरेंद्र की सफलता केवल परिवार की खुशी नहीं है, बल्कि समाज के लिए भी गौरव का विषय है। उसकी उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी।

परिवार और समाज का आभार

पुखराज सिंह ने सुरेंद्र की सफलता में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिवारजनों और शुभचिंतकों का प्यार एवं आशीर्वाद हमेशा सुरेंद्र के साथ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी का स्नेह और आशीर्वाद इसी तरह बना रहेगा, जिससे सुरेंद्र आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन कर सके।

सुरेंद्र की इस उपलब्धि के बाद परिवार में बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है। परिजनों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना सुरेंद्र के खेल जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह सफलता उसके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत शुरुआत है।

Dilip Purohit
Author: Dilip Purohit

Group Editor