राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक से नर्सिंग अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
दिलीप कुमार पुरोहित. जोधपुर
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर द्वारा Continuous Medical Education (CME) की तर्ज पर Continuous Nursing Education (CNE) कार्यक्रम का आयोजन महात्मा गांधी चिकित्सालय, जोधपुर में किया गया। राजस्थान में इस प्रकार की पहल के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग अधिकारियों को आधुनिक एवं मानकीकृत नर्सिंग प्रक्रियाओं के संबंध में निरंतर प्रशिक्षण एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध करवाना रहा।
कार्यक्रम महात्मा गांधी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी की अध्यक्षता में तथा राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर के अध्यक्ष जगदीश जाट के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अस्पताल के नर्सिंग अधीक्षक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक श्री अरविंद अपूर्वा द्वारा ISO मानकों के अनुरूप बेसिक IV लाइन, ऑक्सीजन थेरेपी, फॉली कैथेटर, सक्शन कैथेटर, राइल्स ट्यूब सहित विभिन्न महत्वपूर्ण नर्सिंग प्रक्रियाओं एवं तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण को प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए प्रोजेक्टर एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी ने राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नर्सिंग क्षेत्र में लगातार सीखना, पढ़ना और अपने ज्ञान को अद्यतन रखना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों को निरंतर शिक्षा एवं प्रशिक्षण को अपने कार्यजीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों ने कार्यक्रम संयोजक श्री अरविंद अपूर्वा के प्रयासों की सराहना की तथा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जोधपुर शहर के अध्यक्ष जगदीश जाट ने कहा कि CNE की इस पहल को धीरे-धीरे शहर के अन्य अस्पतालों तक भी विस्तार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नर्सिंग अधिकारियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि निरंतर शिक्षा एवं कौशल विकास से नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा।

