वीरवर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती पर समारोह मसूरिया पहाड़ी पर स्थित स्मारक स्थल पर आयोजित हुआ
दिलीप कुमार पुरोहित. राखी पुरोहित. जोधपुर
वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति एवं मेहरानगढ़ म्यूज़ियम ट्रस्ट, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में वीरवर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती समारोह मसूरिया पहाड़ी स्थित स्मारक स्थल पर सम्पन्न हुआ। यह समारोह परम पूज्य महाराज श्री अचलानंद गिरी महाराज के पावन सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि मेजर जनरल के.डी. जसपाल, चीफ ऑफ स्टाफ (सीओएस), हैडक्वार्टर 12 कॉर्प्स रहे। अध्यक्षता एच.एच. महाराजा श्री गजसिंह जी साहेब, मारवाड़-जोधपुर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमान के.एल. स्वामी, संभागीय आयुक्त, जोधपुर एवं श्रीमान श्याम सा कुंभट, चेयरमैन, मेवाड़ ग्रुप-सिंगापुर उपस्थित रहे।
तेज कंवर को वीर दुर्गादास राठौड़ सम्मान-2026 नर्सिंग सेवा और समाज सेवा में उत्कृष्ट और अनुकरणीय योगदान के लिए दिया गया
श्रीमती तेज कंवर को यह सम्मान नर्सिंग के क्षेत्र में उनके तीन दशकों से अधिक के समर्पित, निस्वार्थ एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है। आप वर्तमान में महात्मा गांधी चिकित्सालय, जोधपुर में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और किचन विभाग प्रभारी के रूप में मरीजों को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सेवा और सामाजिक कार्यों में भी आपका निरंतर योगदान रहा है।
कोविड काल सहित अनेक विषम परिस्थितियों में, जोधपुर में हुए कई अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों के दौरान भी आपकी कर्तव्यनिष्ठा, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और अनुशासित कार्यशैली ने चिकित्सा विभाग में एक नई मिसाल कायम की है। आपके द्वारा नर्सिंग स्टाफ को निरंतर प्रोत्साहित करने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी को समिति ने विशेष रूप से सराहा। इस अवसर पर शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


