दीप का संदेश : वोट दीजिए, लोकतंत्र को रोशन कीजिए
सुनील वर्मा. जोधपुर
आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मतदाताओं को जागरूक करने एवं लोकतांत्रिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (SVEEP) के तहत सोमवार को बाईजी का तालाब एवं गणेश मंदिर परिसर में भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर लोकतंत्र में जनभागीदारी, मतदान के महत्व एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका का संदेश दिया गया। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और मतदाता जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में किया गया। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी घनश्याम सिंह राठौड़ तथा स्वीप नोडल हिंगलाज दान के मार्गदर्शन में संबंधित कार्मिकों ने सहभागिता की।
दीपदान के माध्यम से उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार एक छोटा-सा दीप अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार प्रत्येक मतदाता का एक मत लोकतंत्र को शक्ति, प्रकाश और नई दिशा प्रदान करता है। हजारों दीपों की सामूहिक रोशनी ने परिसर को लोकतंत्र के उत्सव में परिवर्तित कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान करने तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
स्वीप टीम द्वारा विशेष रूप से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने तथा प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।
दीपों के माध्यम से लोकतंत्र, मतदान एवं मतदाता जागरूकता से जुड़े संदेशों को भी आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम ने “अंधकार से प्रकाश की ओर और उदासीनता से जनभागीदारी की ओर” बढ़ने का संदेश देते हुए सशक्त लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका को रेखांकित किया। “एक दीप लोकतंत्र के नाम, एक वोट जोधपुर के नाम।”



